ट्रॉली किराए के विवाद में गर्भवती महिला से मारपीट:मुरैना ASP के निर्देश, फिर भी FIR के लिए थाने में घंटों बैठाया

ट्रॉली किराए के विवाद में गर्भवती महिला से मारपीट:मुरैना ASP के निर्देश, फिर भी FIR के लिए थाने में घंटों बैठाया

मुरैना जिले के रामपुरकलां थाना क्षेत्र के ग्राम जरौली में ट्रैक्टर ट्रॉली के किराए के विवाद को लेकर एक युवक और उसकी गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मंगलवार को शिकायत के बावजूद थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़ित दंपती एसपी की जनसुनवाई में पहुंचे, जहां एडिशनल एसपी के निर्देश के बाद एफआईआर दर्ज की गई। पीड़ित सोनू कुशवाह, निवासी ग्राम जरौली ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उसने गांव के ही राघवेंद्र कुशवाह उर्फ बड़े कुशवाह को ट्रैक्टर की ट्रॉली किराए पर दी थी। एक साल से अधिक समय बीतने के बाद जब उसने ट्रॉली और किराया वापस मांगा तो आरोपी ने देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि 8 मार्च की शाम करीब 7 बजे राघवेंद्र कुशवाह अपने साथियों भूपेंद्र कुशवाह, संदीप कुशवाह, रघुराज कुशवाह और आकाश कुशवाह के साथ सोनू के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। इस दौरान सोनू की गर्भवती पत्नी आरती कुशवाह बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोप है कि भूपेंद्र कुशवाह ने उसके पेट में लात मार दी, जिससे उसे दर्द होने लगा। 112 पर कॉल के बाद भी नहीं पहुंची पुलिस
पीड़ित सोनू का कहना है कि घटना के दौरान उसने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन मौके पर पुलिस नहीं पहुंची। इसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ रामपुरकलां थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
एसपी जनसुनवाई में पहुंचा पीड़ित परिवार
मुख्य आरोपी राघवेंद्र कुशवाह उर्फ बड़े कुशवाह का नाम पुलिस की गुंडा सूची में भी शामिल बताया जा रहा है। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज पीड़ित दंपती एसपी की जनसुनवाई में पहुंचे और एडिशनल एसपी से शिकायत की। एडिशनल एसपी सुरेंद्र प्रताप ने रामपुरकलां थाना प्रभारी एएसआई ए.के. वर्मा को फोन पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद भी दंपती को थाने में काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। इस दौरान गर्भवती महिला को पेट में दर्द होने लगा और वह थाने में ही लेट गई। करीब तीन घंटे से अधिक इंतजार के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। आरोपी को किया राउंडअप
सबलगढ़ एसडीओपी और प्रशिक्षु आईपीएस राजकृष्ण ने बताया कि गर्भवती महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को राउंडअप कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश में कार्रवाई की जा रही थी। उन्होंने कार्रवाई में देरी होने से इनकार कर दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *