डिंडौरी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट मैदान में ‘नारी सम्मान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक ओम प्रकाश धुर्वे और ओमकार मरकाम ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बालिकाओं को सम्मानित किया। रस्साकशी में महिला अधिकारियों की टीम विजयी मंच के पास आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में महिला अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच रस्साकशी का मुकाबला हुआ। अधिकारी वर्ग की टीम में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया और एसपी वाहिनी सिंह शामिल थीं। जबकि दूसरी टीम का नेतृत्व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति प्रकाश धुर्वे और नगर परिषद उपाध्यक्ष सारिका नायक ने किया। इस रोचक प्रतियोगिता में अधिकारी वर्ग की टीम विजेता रही। जल, जंगल और मिलेट्स संरक्षण हेतु विशेष सम्मान सामाजिक क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए बैगा समाज की उजियारो बाई को जल, जंगल और जमीन के संरक्षण हेतु सम्मानित किया गया। वहीं, हरियारो बाई को मिलेट्स (मोटा अनाज) के संरक्षण के लिए सम्मान मिला। इसके अतिरिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और कुश्ती खिलाड़ी गोमती नायक, अग्रणी बर्मन व साक्षी पट्टा को भी उनकी उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया। विधायकों ने दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश विधायक ओम प्रकाश धुर्वे ने शास्त्रों का हवाला देते हुए कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। वहीं, विधायक ओमकार मरकाम ने सती प्रथा के विरुद्ध राजा राम मोहन राय के संघर्षों को याद करते हुए नारी गरिमा पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान बेटियों और महिलाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।


