Kanpur News: 43 बंडल भेजे, जौनपुर पहुंचे 36, CCTV ने खोल दी पूरी कहानी

Kanpur News: 43 बंडल भेजे, जौनपुर पहुंचे 36, CCTV ने खोल दी पूरी कहानी

कानपुर। जूही थाना क्षेत्र स्थित वरुणा ट्रांसपोर्ट कंपनी से माल चोरी होने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि ट्रांसपोर्ट कंपनियों में काम करने वाले पल्लेदारों ने ही मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।

जौनपुर भेजे गए माल में सात बंडल कम निकले

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि 2 मार्च 2026 की रात वरुणा ट्रांसपोर्ट कंपनी से 43 बंडल माल जौनपुर भेजा गया था। जब जौनपुर में माल की गिनती की गई तो उसमें सात बंडल कम पाए गए। इस पर ट्रांसपोर्ट संचालक ने मामले की जांच कराई। जांच के दौरान ट्रांसपोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में रात के समय तीन युवक परिसर से माल निकालकर एक ऑटो में ले जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

100 से अधिक कैमरों की फुटेज खंगालकर हुआ खुलासा

प्रभारी निरीक्षक जूही व पुलिस टीम ने लगभग 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पता चला कि जीतू, अंकुर और धर्मेंद्र ने ट्रांसपोर्ट कंपनी से माल चोरी किया था और उसे रंजीत के घर पर छिपा दिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि सभी आरोपित विभिन्न ट्रांसपोर्ट कंपनियों में पल्लेदारी का काम करते हैं। इसी कारण उन्हें माल के भंडारण और रख-रखाव की पूरी जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर उन्होंने चोरी की योजना बनाई।

दो आरोपित गिरफ्तार, दो की तलाश

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित रंजीत और धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि जीतू और अंकुर फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने चोरी किया गया पूरा माल भी बरामद कर लिया है। इस मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया है। पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *