साउथ अफ्रीका को 10 दिन बाद ही मिल गया न्यूजीलैंड से बदला लेने का मौका, जानें कब-कहां देखें लाइव मैच

साउथ अफ्रीका को 10 दिन बाद ही मिल गया न्यूजीलैंड से बदला लेने का मौका, जानें कब-कहां देखें लाइव मैच

NZ vs SA T20 Series 2026: T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को हराने वाली न्यूजीलैंड की टीम अब पांच मैचों की T20 सीरीज में फिर आमने-सामने होगी। साउथ अफ्रीका इस सीरीज में अपनी हार का बदला लेने की कोशिश करेगी। 

New Zealand vs South Africa T20 Series 2026: आईसीसी मेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में चार टीमें पहुंची थीं, जिनमें भारत, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड की टीमें शामिल थीं। इनमें से सिर्फ एक टीम अजेय थी और वही सबसे पहले अंतिम चार से बाहर हो गई। साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच 4 मार्च को टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल खेला गया। इस टूर्नामेंट में लगातार दमदार प्रदर्शन करने वाली साउथ अफ्रीका की टीम न्यूजीलैंड के सामने बुरी तरह हार गई। वर्ल्ड क्रिकेट को भी उम्मीद नहीं थी कि साउथ अफ्रीका की टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ इतनी बुरी तरह हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।

बदला लेना चाहेगी साउथ अफ्रीका

अब साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच पांच T20 मैचों की सीरीज खेली जानी है, जिसमें साउथ अफ्रीका अपनी सेमीफाइनल में मिली दर्दनाक हार का बदला लेना चाहेगी। T20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया, जहां साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 169 रन बनाए। 170 रन के लक्ष्य को न्यूजीलैंड ने 13 ओवर के भीतर ही हासिल कर लिया। फिन एलेन ने 33 गेंदों में शतक जड़ दिया।

इस टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड का सबसे शानदार प्रदर्शन सेमीफाइनल में देखने को मिला, वहीं दूसरी ओर साउथ अफ्रीका का सबसे खराब प्रदर्शन भी इसी मुकाबले में देखने को मिला। यही वजह रही कि साउथ अफ्रीका को एकतरफा मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। साउथ अफ्रीका ने टूर्नामेंट में सिर्फ एक हार झेली और वो टी20 वर्ल्डकप से बाहर हो गई। दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम को ग्रुप D में साउथ अफ्रीका ने ही हराया था। इसके बाद सुपर 8 में कीवी टीम को इंग्लैंड से हार झेलनी पड़ी। इसके बावजूद टीम फाइनल तक पहुंचने में सफल रही।

हालांकि अब साउथ अफ्रीका के पास न्यूजीलैंड को हराकर बदला लेने का मौका है। दोनों टीमों के बीच पांच T20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। पहला मुकाबला 15 मार्च को बेय ओवल में खेला जाएगा। इसके बाद 17 मार्च को हैमिल्टन, 20 मार्च को ऑकलैंड, 22 मार्च को वेलिंगटन और 25 मार्च के क्राइस्टचर्च में बाकी चार मुकाबले खेले जाएंगे।

कब और कहां देखें लाइव

भारतीय समयानुसार ये मुकाबले सुबह 11:45 बजे से शुरू होंगे। सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर इन मैचों का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है, तो सोनी लिव ऐप पर इन मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *