फाइनल में संजू सैमसन या अभिषेक की नहीं, गौतम गंभीर ने बताया किस पारी की वजह से जीते वर्ल्डकप

फाइनल में संजू सैमसन या अभिषेक की नहीं, गौतम गंभीर ने बताया किस पारी की वजह से जीते वर्ल्डकप

हेड कोच गौतम गंभीर ने खुलासा किया कि वेस्टइंडीज के खिलाफ संजू सैमसन की 97 रनों की पारी T20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट रही, जिसने पूरे टूर्नामेंट की दिशा बदल दी। 

T20 World Cup 2026 Final: भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को फाइनल में 96 रनों से हराते हुए T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर का मानना है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ संजू सैमसन की 97 रनों की पारी भारतीय टीम के लिए टूर्नामेंट का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट रही। गंभीर ने भारत के हेड कोच के तौर पर वर्ल्ड कप जीतने के भावनात्मक महत्व पर भी बात की।

गंभीर ने जियोस्टार से कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि एक कोच के तौर पर वर्ल्ड कप जीतूंगा। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे भारतीय टीम का हेड कोच बनने का मौका मिलेगा, क्योंकि भारत की जर्सी फिर से पहनना या देश के लिए कुछ खास करना बहुत बड़ी बात है।” गंभीर ने कहा कि परिवार से मिली पहचान और लाखों फैंस के गर्व ने इस उपलब्धि को और भी खास बना दिया। उन्होंने कहा, “जब आपकी मां आपको बधाई देते हुए कहती हैं, ‘बहुत बढ़िया’, तो बस आप उसी के लिए खेलते हैं और उसी के लिए जीते हैं। 140 करोड़ भारतीयों को गर्व महसूस कराने से बड़ा एहसास और क्या ही होगा।”

वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली थी 97 रन की पारी

गौतम गंभीर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ संजू सैमसन की 97 रनों की नाबाद पारी को टूर्नामेंट का सबसे अहम पल बताया। उन्होंने कहा, “यह कहना बहुत मुश्किल है, लेकिन मेरा अब भी मानना है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ संजू की 97 रन की पारी इस कैंपेन का टर्निंग प्वाइंट थी। यह एक तरह से क्वार्टर-फाइनल जैसा मैच था। वर्ल्ड कप के मुकाबले में 195 रन का पीछा करना कभी भी आसान नहीं होता, चाहे मैदान कोई भी हो।”

गौतम गंभीर ने कहा कि संजू सैमसन के शांत रवैये ने भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम का माहौल पूरी तरह बदल दिया। हेड कोच ने ईशान किशन के योगदान की भी जमकर प्रशंसा की। ‘करो या मरो’ मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए थे। 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 41 के स्कोर पर 2 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी।

फाइनल में रच दिया सैमसन ने इतिहास

हालांकि संजू सैमसन एक छोर संभालकर खड़े रहे और उन्होंने 50 गेंदों में 97 रनों की दमदार पारी खेली। उनकी इस महत्वपूर्ण पारी के दम पर भारतीय टीम 5 विकेट से जीत दर्ज करने में सफल रही। संजू सैमसन ने सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ 42 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली थी। वहीं फाइनल मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 46 गेंदों में 89 रन बनाए। संजू सैमसन T20 वर्ल्ड कप इतिहास के खिताबी मुकाबले में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बन गए।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *