नेशनल हाईवे-8 पर गगवाना पुलिया के नजदीक टाइल्स से भरा एक ट्रेलर पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे एंबुलेंस की मदद से जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार ट्रेलर गुजरात से टाइल्स लेकर किशनगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर एक स्कॉर्पियो वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और पुलिया के पास सड़क से नीचे पलट गया। हादसे के बाद ट्रेलर में भरी टाइल्स सड़क और आसपास बिखर गईं। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस चालक नंदकिशोर यादव मौके पर पहुंचे और घायल चालक को तुरंत जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। वहीं हादसे की सूचना पर गेगल थाना पुलिस और हाईवे अथॉरिटी के कार्मिक भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का जायजा लेकर यातायात व्यवस्था संभाली और मामले की जांच शुरू कर दी है।


