फफूंद थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना फफूंद-ककोर मार्ग पर हुई, जिसमें एक स्कूली वैन और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक पर सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतक की पहचान फक्कड़पुर निवासी 32 वर्षीय शरद चंद्र उर्फ छोटे पुत्र सुरेश बाबू के रूप में हुई है। शरद अपनी पत्नी सोनी और चाची सर्वेश कुमारी पत्नी राजेंद्र कुमार को लघु प्रेरणा उद्योग, सल्लहापुर से घर वापस ला रहे थे। उनकी पत्नी सोनी स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं और उद्योग में काम करती हैं। जानकारी के अनुसार, शरद सोमवार रात पत्नी और चाची को उद्योग केंद्र छोड़ने गए थे। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे ड्यूटी खत्म होने पर वह उन्हें बाइक से वापस ला रहे थे। जैसे ही वे फफूंद-ककोर मार्ग पर राधा कृष्ण इंटर कॉलेज कटरा के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक निजी स्कूल की वैन से उनकी बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। वैन बच्चों को लेने सल्लहापुर जा रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार शरद चंद्र उर्फ छोटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वैन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बाइक पर बैठी पत्नी सोनी और चाची सर्वेश कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों ने घटना देखकर पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों लोगों को एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी दिबियापुर भेजा। वहां डॉक्टरों ने शरद चंद्र उर्फ छोटे को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सोनी और सर्वेश कुमारी को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मृतक शरद चंद्र के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें कुणाल (7 वर्ष), राघव (6 वर्ष) और तान्या (4 वर्ष) शामिल हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मृतक का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायल महिलाओं का इलाज जारी है और फरार वैन चालक की तलाश की जा रही है।


