जालौन के उरई शहर के कालपी रोड स्थित नया पटेल नगर में रविवार देर रात एक युवक को स्कॉर्पियो से कुचलने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें युवक को गाड़ी से कुचलना का प्रयास किया गया। पीड़ित पक्ष ने मोहल्ले के ही एक व्यक्ति पर जान से मारने की नीयत से गाड़ी चढ़ाने और गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली उरई में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नया पटेल नगर, जिला उद्योग केंद्र के पास रहने वाले विकास बिश्नोई पुत्र शिवकुमार बिश्नोई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 9 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे उनके घर के बाहर स्कूटी खड़ी थी। स्कूटी को अंदर करने के लिए उनका भाई राजकुमार बिश्नोई और संदीप बिश्नोई घर के बाहर गए थे। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला प्रमोद शर्मा उर्फ पप्पू अपनी सफेद रंग की स्कॉर्पियो लेकर वहां पहुंच गया और आते ही गाली-गलौज करने लगा। विकास बिश्नोई के अनुसार जब उनके भाई संदीप बिश्नोई ने गाली देने का विरोध किया तो आरोपित प्रमोद शर्मा उर्फ पप्पू ने जान से मारने की नीयत से अपनी स्कॉर्पियो तेजी से संदीप की ओर बढ़ा दी। इससे संदीप बिश्नोई को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपित गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गया। उन्होंने घटना से जुड़ा सीसीटीवी वीडियो भी पुलिस को दिया है जिसमें साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि किस तरह युवक के ऊपर स्कॉर्पियो कर चढ़ाई जा रही है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपित व्यक्ति खनिज विभाग और आरटीओ की लोकेशन का काम करता है तथा दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति का है। घटना के बाद से परिवार के लोगों में भय का माहौल है और उन्हें अपनी जान-माल का खतरा महसूस हो रहा है। विकास बिश्नोई ने प्रभारी निरीक्षक उरई को प्रार्थना पत्र देकर आरोपित के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


