सतना के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में जगतदेव तालाब के सामने स्थित एक पेट्रोल पंप पर सोमवार रात आग लग गई। यह घटना एक पेट्रोलियम टैंकर में हुई, जिसे अनलोड किया जा रहा था। एक बाइक स्टार्ट करने के दौरान निकली चिंगारी से आग भड़की, लेकिन पेट्रोल पंप कर्मचारियों की तत्परता से उस पर तुरंत काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे फ्यूल स्टेशन पर पेट्रोलियम टैंकर खाली किया जा रहा था। इसी दौरान एक युवक अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद टैंकर के पास ही उसे स्टार्ट करने लगा। बाइक से निकली चिंगारी टैंकर तक पहुंची और उसमें अचानक आग लग गई। आग लगते ही मौके पर मौजूद पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने तुरंत अग्निशमन यंत्रों का उपयोग कर केमिकल का छिड़काव किया और आग पर काबू पा लिया। यदि आग पर समय रहते नियंत्रण न पाया जाता तो व्यस्त बाजार क्षेत्र में एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। घटना के बाद पंप परिसर में धुआं फैल गया। पेट्रोल पंप में आगजनी की घटना के बाद आस-पास के लोग मौके पर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आग लगने का कारण पूछते हुए पेट्रोल पंप को दोबारा न खुलने देने की धमकी दी। लोगों का कहना था कि शहर के बीचों-बीच पेट्रोल पंप में ऐसी घटनाएं बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।


