Mustard-Gram Purchase : सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने बताया कि भारत सरकार से स्वीकृति प्राप्त हो जाने के बाद राजफेड रबी-2026 के अंतर्गत सरसों एवं चने की समर्थन मूल्य पर खरीद शीघ्र शुरू की जा रही है। उन्होंने बताया कि राजफेड के 4 क्षेत्रीय कार्यालयों कोटा, अजमेर, भरतपुर एवं श्रीगंगानगर में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 15 मार्च से व खरीद 25 मार्च से शुरू होगी। जबकि, शेष 4 क्षेत्रीय कार्यालयों जयपुर, जोधपुर, उदयपुर एवं बीकानेर नें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 20 मार्च एवं खरीद 1 अप्रेल से शुरू होगी।
मंत्री गौतम कुमार दक ने बताया कि भारत सरकार ने सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 6,200 रुपए प्रति क्विंटल व चना का समर्थन मूल्य 5,875 रुपए प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। राजस्थान में सरसों की 13.78 लाख मीट्रिक टन एवं चना की 5.53 लाख मीट्रिक टन खरीद की सीमा निर्धारित की गई है।
दक ने बताया कि जिलेवार सीमा ऑनलाइन उपलब्ध करवा दी गई है। अजमेर, जोधपुर, बीकानेर एवं कोटा क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत आने वाले 19 जिलों में एनसीसीएफ द्वारा एवं जयपुर, उदयपुर, श्रीगंगानगर एवं भरतपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत आने वाले 22 जिलों में नेफेड द्वारा खरीद कार्य करवाया जाएगा।
क्यूआर कोड अथवा ई-मित्र के माध्यम से कराएं पंजीकरण
सहकारिता मंत्री ने बताया कि सरसों एवं चना विक्रय के इच्छुक किसान स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर अथवा ई-मित्र के माध्यम से पंजीकरण करवा सकेंगे। समर्थन मूल्य पर ख़रीद किसानों की आधार आधारित बायोमीट्रिक पहचान के माध्यम से ही की जाएगी।
भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार नैफेड और एनसीसीएफ के लिए समर्थन मूल्य पर ख़रीद 60 दिवस की अवधि में की जाएगी। सहकारिता मंत्री ने राजफेड को निर्देश दिए हैं कि खरीद केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित कर ली जाए।
राजफेड में कॉल सेन्टर 18001806001 स्थापित
सहकारिता मंत्री ने कहा कि किसान पूर्व की भांति एफएक्यू गुणवत्ता मापदण्डों के अनुरूप अपनी फसल क्षेत्र की क्रय-विक्रय अथवा ग्राम सेवा सहकारी समिति केन्द्र पर विक्रय कर सकेंगे।
किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो इसके लिए राजफेड में कॉल सेन्टर 18001806001 स्थापित किया गया है।उन्होंने किसानों से अनुरोध किया कि वे अपनी फसल को साफ-सुथरा कर तथा छानकर क्रय केन्द्रों पर लाएं ताकि गुणवत्ता मापदण्डों के अनुरूप जिंस विक्रय कर सकें।
क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत जिले-
जयपुर – जयपुर, कोटपूतली-बहरोड़, दौसा, सीकर, टोंक, झुंझुनूं।
उदयपुर – उदयपुर, सलूम्बर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, राजसमंद, डूंगरपुर, बांसवाड़ा।
श्रीगंगानगर – श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़।
भरतपुर – भरतपुर, अलवर, खैरथल-तिजारा, डीग, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर।
अजमेर – अजमेर, नागौर, भीलवाड़ा, ब्यावर, कुचामन-डीडवाना।
जोधपुर – जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, पाली, सिरोही, जालोर, बालोतरा, फलौदी।
बीकानेर – बीकानेर, चूरू।
कोटा – कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़।


