अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील के विरोध में किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। इसी कड़ी में आज यमुनानगर में किसानों द्वारा ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा। भारतीय किसान यूनियन(चढूनी) के आह्वान पर जगाधरी ब्लॉक के किसान सुबह 10 बजे जगाधरी अनाज मंडी में अपने ट्रैक्टरों के साथ एकत्रित होंगे। वहां से शहर में प्रदर्शन करते हुए तहसील कार्यालय और डीसी कार्यालय तक मार्च करेंगे। किसानों ने बताया कि करीब 11 बजे डीसी कार्यालय के बाहर अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील की प्रतियां जलाकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया जाएगा। 23 मार्च को पिपली अनाज मंडी में रैली किसानों का कहना है कि सरकार द्वारा किए गए कृषि समझौते भारतीय किसानों के हित में नहीं हैं और इससे देश के छोटे किसानों पर गंभीर असर पड़ेगा। भाकियू जिला अध्यक्ष संजू गुन्दियाना ने बताया कि अमेरिका में हजारों एकड़ जमीन वाले बड़े किसान हैं, जबकि भारत में अधिकांश किसान दो से तीन एकड़ जमीन पर खेती करते हैं। ऐसे में अमेरिका से कृषि उत्पाद भारत में आने पर यहां के किसानों की फसल और आय पर बुरा असर पड़ेगा। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर किसान लगातार आंदोलन कर रहे हैं। इसी के तहत 23 मार्च को पिपली अनाज मंडी में बड़ी किसान रैली आयोजित की जाएगी। कई गांव से ट्रैक्टर लेकर किसान पहुंचेंगे मंडी रैली से पहले पूरे प्रदेश में ट्रैक्टर मार्च कर सरकार को जगाने और आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। भाकियू नेताओं ने बताया कि ट्रैक्टर मार्च को लेकर जगाधरी ब्लॉक के कई गांवों कैल, रुला खेड़ी, हरीपुर, हरनौल, खेड़ा और मानकपुर में जाकर किसानों से अपील की गई है कि वे अपने ट्रैक्टरों के साथ बड़ी संख्या में जगाधरी अनाज मंडी पहुंचें।


