अमृतसर के फैजपुरा इलाके में हाल ही में हुई फायरिंग की घटना को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है। जिस घटना को पहले कानून-व्यवस्था से जोड़कर देखा जा रहा था, अब जांच में पता चला है कि यह पूरी तरह से रची गई साजिश थी। दरअसल 7 मार्च 2026 की रात करीब 12:30 बजे थाना मजीठा रोड के अंतर्गत फैजपुरा चौकी क्षेत्र में एक महिला पार्षद के घर के बाहर फायरिंग की सूचना पुलिस को मिली थी। घटना के बाद यह मामला मीडिया और सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा और पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए जाने लगे। शुरुआती शिकायत में रंजिश का लगाया गया था आरोप इस मामले की जांच करते हुए अमृतसर पुलिस ने कई अहम सुराग जुटाए। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। शुरुआती शिकायत में पार्षद के पति इंदरजीत सिंह ने आरोप लगाया था कि उसकी भांजी ने लव मैरिज की थी और इसी वजह से कुछ लोगों से रंजिश चल रही थी। शिकायत में कहा गया था कि उन्हीं लोगों ने घर के बाहर फायरिंग की है।
जांच में सामने आई साजिश की सच्चाई लेकिन जब पुलिस ने गहराई से जांच की तो सच्चाई कुछ और ही निकली। जांच में सामने आया कि यह पूरी घटना परिवार के ही कुछ लोगों ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर खुद ही करवाई थी। इसका मकसद लव मैरिज से जुड़े मामले में कोर्ट में चल रही कार्रवाई को प्रभावित करना था। पांच आरोपी गिरफ्तार, एक अभी फरार पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी पहचान दानिश, प्रीतपाल सिंह, विषु, आकाश सोहता और मानव के रूप में हुई है। वहीं एक अन्य आरोपी अखिल अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को गलत तरीके से फंसाया गया था, जिसे जांच के बाद डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। फिलहाल सभी आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और मामले की आगे भी गहन जांच की जा रही है।


