भास्कर संवाददाता|राजगढ़ नगर में 10 मार्च से शुरू हो रहे बाबा बदख्शानी की दरगाह के सालाना उर्स मेले को लेकर सोमवार को सर्व हिंदू समाज के सदस्यों ने कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मेले के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराने की मांग की गई। कहा कि पहले यह मेला लगभग तीन दिनों तक सीमित रहता था, लेकिन अब इसकी अवधि बढ़ाकर करीब 15 दिन तक कर दी गई है। इस दौरान रात भर लाउडस्पीकर व डीजे के माध्यम से तेज आवाज में गाने बजाए जाते हैं, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी होती है। तेज ध्वनि से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है और ध्वनि प्रदूषण से आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के पालन की मांग: ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर और अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध है, लेकिन कई बार इन नियमों का पालन नहीं किया जाता। ऐसे में प्रशासन से इस बार विशेष निगरानी रखते हुए नियमों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की गई। इस दौरान अधिवक्ताओं का एक समूह भी प्रतिनिधिमंडल के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचा और सुप्रीम कोर्ट के निर्णय की प्रति कलेक्टर को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा जिला महामंत्री देवी सिंह सोंधिया, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष केपी पंवार, एडवोकेट अविनाश दशेहरिया, शैलेन्द्र गुप्ता, विहिप जिलाध्यक्ष तेजेंद्र उपाध्याय, बृजमोहन सरावत, गजेंद्र सिंह, कैलाश प्रजापति सहित कई लोग मौजूद रहे।


