भास्कर संवाददाता | सलामतपुर गुलगांव में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था ने महिला दिवस पर कार्यक्रम किया। देवी मां के मंदिर परिसर में महिलाओं का सम्मान हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। रायसेन सेवा केंद्र की इंचार्ज ब्रह्माकुमारी शकुंतला ने राजयोग ध्यान से आत्मसशक्तिकरण पर बात रखी। उन्होंने कहा कि महिलाएं खुद को कमजोर न समझें। परिवार की स्थिरता में उनकी भूमिका केंद्रीय है। विदिशा से आई ब्रह्माकुमारी किरण ने गृह कार्य करते हुए मन को निराकार परमात्मा से जोड़ने के तरीके बताए। उन्होंने व्यस्त दिनचर्या में आत्मसंयम बनाए रखने पर भी बात की। सांची सेवा केंद्र की इंचार्ज बीके रीको भारती ने कहा कि महिला दिवस एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए। उन्होंने महिलाओं को परिवार की आधार शक्ति बताया। कार्यक्रम में नारी शक्ति और आध्यात्मिक अभ्यास के संबंध पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि आत्मा-चेतना और ध्यान से मानसिक मजबूती बढ़ती है। ब्रह्माकुमार राम ने संस्था के उद्देश्य बताए। प्रतिभागियों का सम्मान किया।


