शिवपुरी में मारपीट-उपद्रव के दो मामलों में तीन गिरफ्तार:पुलिस ने जुलूस निकालकर एसडीएम कोर्ट में पेश किया

शिवपुरी शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। पुलिस ने सोमवार को कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें कार सवार परिवार से मारपीट करने वाले दो व्यक्ति और सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव मचाने वाला एक युवक शामिल है। सभी आरोपियों को जुलूस निकालकर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। पहला मामला थीम रोड स्थित मधुरम स्वीट्स के पास का है। रविवार दोपहर नाई की बगिया निवासी रामनिवास शर्मा (65) अपने परिवार के साथ कार से माधव चौक से ग्वालियर बायपास जा रहे थे। इसी दौरान एक इलेक्ट्रिक स्कूटी से टक्कर होने के बाद विवाद शुरू हो गया। रामनिवास शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि अरबाज खान सहित 3-4 लोगों ने उनके और उनके बेटे संयोग पाराशर के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। बीच-बचाव करने आईं उनकी बहू सोनम शर्मा के साथ भी धक्का-मुक्की हुई, जिससे उनके कान का सोने का टॉप्स गिरकर खो गया। दो अरेस्ट, एक अब भी फरार
पुलिस ने इसे केस में मामला दर्ज किया। अरबाज खान और इसरार खान को गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाला गया और उन्हें एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। तोहिद उर्फ गब्बर खान की तलाश अभी जारी है। उपद्रव मचाने वाला भी गिरफ्तार
दूसरे मामले में, कोतवाली पुलिस ने धर्मेंद्र सांखले (31) को गिरफ्तार किया है, जो बड़ी सिफा नहर, जिला सीहोर का निवासी है। धर्मेंद्र शिवपुरी में नक्षत्र गार्डन में टेंट लगाने की मजदूरी करने आया था। चार दिन पहले वह सर्किट हाउस के पास काली माता मंदिर के नजदीक लोगों से गाली-गलौज कर अभद्रता करते हुए उपद्रव मचा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और धर्मेंद्र को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे भी जुलूस की शक्ल में एसडीएम कोर्ट में पेश किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *