श्रीगंगानगर में पदमपुर-श्रीगंगानगर स्टेट हाइवे पर स्थित 9 ए टोल नाके को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों और किसानों ने 9 ए व 18 बीबी टोल पर चक्का जाम किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष व श्रीकरणपुर विधायक रूपिंदर सिंह कुंन्नर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठे हुए हैं। चक्काजाम के चलते टोल नाके के दोनों ओर सड़क को बंद कर दिया गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष रुपिंदर सिंह कुंन्नर ने कहा- टोल नाके का निर्धारित समय पूरा हो चुका है। इसके बावजूद लगातार वसूली की जा रही है। भाजपा सरकार अपने चेहतों को फायदा पहुंचाने के लिए यह टोल बंद नहीं कर रही। जिसका खामियाजा ग्रामीण और किसान भुगत रहे हैं। सरकार ने टोल संचालन का समय पूरा होने के बाद इसे दो बार बढ़ा दिया है, जिसका क्षेत्र के लोग विरोध कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दोनों जगहों पर बने टोल एक ही कंपनी के है और इनकी दूरी 20 किलोमीटर है। सुरक्षा के मध्यनजर पुलिस प्रशासन भी मौके पर तैनात है। चक्का जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों व यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा वैकल्पिक मार्ग खोलकर सड़क को डायवर्ट कर रुट को बदला गया है। धरने पर श्रीगंगानगर के पूर्व विधायक राजकुमार गौड़ भी मौजूद है। श्रीगंगानगर में चक्काजाम की तस्वीरें देखिए…


