कुरुक्षेत्र जिले के इस्माइलाबाद के युवक को एजेंट ने ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर उज्बेकिस्तान भेज दिया। यहां युवक को अगवा कर लिया गया। अब आरोपी उसके परिवार से 50 लाख रुपए की डिमांड कर रहे हैं। डिमांड पूरी नहीं होने पर जान से मारने की धमकी दी है। बख्शीश सिंह निवासी थडौली ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा बेटा नवजीत सिंह (25) ऑस्ट्रेलिया जाना चाहता था। परिवार ने एजेंट कर्म सिंह जिला मोहाली से संपर्क किया, जिसने नवजीत को 20 लाख रुपये में ऑस्ट्रेलिया पहुंचाने का वादा किया। साथ ही पैसे बाद में देने की बात तय हुई। पिछले महीने करवाई फ्लाइट एजेंट कर्म सिंह ने नवजीत का पासपोर्ट जसकरण सिंह को दिया। 28 फरवरी को आरोपी एजेंट कर्म सिंह, जसकरण सिंह और एक महिला उनके घर आए और उसके बेटे को अपने साथ दिल्ली ले गए। यहां से उसके बेटे को उज्बेकिस्तान की फ्लाइट में बैठा दिया। आरोपियों ने विश्वास दिलाया कि वहां 2-3 घंटे रुकने के बाद ऑस्ट्रेलिया भेज देंगे। 10 घंटे बाद आया फोन करीब 10 घंटे बाद उनके पास विदेश से फोन आया। कॉलर्स ने खुद को बाबा खान और अकबर खान बताते हुए 50 लाख रुपए देने के लिए धमकाया। उन्होंने धमकी दी कि उनका बेटा नपजीत उनके कब्जे में है। जल्दी से उनके पास 50 लाख रुपए भेज दे, वरना उसके बेटे को जान से मार देंगे। पुलिस कर रही मामले की जांच उधर, फोन आने के बाद परिवार डर गया और एजेंट के साथ संपर्क किया, लेकिन एजेंट टालमटोल करने लगे। इसी दौरान उनके पास फिर से कॉल आई और धमकी दी। परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।


