Kanpur News:भारत की जीत से झूम उठा कानपुर, होली के बाद दिखा दिवाली जैसा जश्न

Kanpur News:भारत की जीत से झूम उठा कानपुर, होली के बाद दिखा दिवाली जैसा जश्न

कानपुर। टी-20 क्रिकेट विश्वकप के फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश के साथ कानपुर में भी जश्न का माहौल छा गया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम के लगातार दूसरी बार खिताब जीतते ही शहर में उत्सव जैसा वातावरण बन गया। होली की खुशियां अभी थमी भी नहीं थीं कि सड़कों पर दिवाली जैसा नजारा दिखाई देने लगा।

शहरभर में आतिशबाजी, सड़कों पर उतरे क्रिकेट प्रेमी

रविवार देर रात कल्याणपुर, रावतपुर, गोविंद नगर, किदवई नगर, सिविल लाइंस, तिलक नगर, हर्ष नगर, शास्त्री नगर, बर्रा और फूलबाग समेत कई इलाकों में लोगों ने जमकर आतिशबाजी कर भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाया। युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय” और “हम हैं विश्व चैंपियन” के नारे लगाए। शास्त्री नगर और फूलबाग समेत कई स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर लोगों ने फाइनल मुकाबले का सामूहिक आनंद लिया। दिन में मंदिरों में भी टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गई थीं।

बधाई देने वालों की लगी रही भीड़

भारतीय टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव के जाजमऊ स्थित आवास पर भी बधाई देने वालों की भीड़ लगी रही। उनके कोच कपिल पांडे ने टीम की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए जश्न मनाया। इधर ग्रीन पार्क स्टेडियम के छात्रावास में भी खिलाड़ियों ने जीत का उत्सव मनाया। ऐमराल्ड गार्डेन में भी लोगों ने पटाखे छोड़कर और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।

प्रशंसकों ने कहा यह जीत हर भारतीय के लिए गर्व का पल

क्रिकेट प्रशंसक अपूर्व, शुभांक, ईशान और मृदुल ने बताया कि भारतीय टीम की यह जीत हर भारतीय के लिए गर्व का पल है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने जिस आत्मविश्वास और संघर्ष के साथ फाइनल मुकाबला जीता, उसने हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया।वही उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के चेयरमैन संजय कपूर ने टीम को बधाई देते हुए इसे देश के लिए गौरव का क्षण बताया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *