Ahmedabad: टी-20 वर्ल्डकप फाइनल के टिकटों की कालाबाजारी करते 5 और गिरफ्तार

Ahmedabad: टी-20 वर्ल्डकप फाइनल के टिकटों की कालाबाजारी करते 5 और गिरफ्तार

Ahmedabad. भारत-न्यूजीलैंड के बीच मोटेरा के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम पर खेले गए आइसीसी टी-20 वर्ल्डकप के फाइनल मैच के टिकटों की भारी डिमांड रही। ऐसे में इसकी कालाबाजारी भी जमकर हुई है। दो हजार रुपए कीमत की टिकट के लोगों ने 10 से 12 हजार रुपए वसूले हैं। हालांकि कालाबाजारी करने वाले कुछ लोगों को पुलिस ने पकड़ा भी है।

चांदखेड़ा, साबरमती और क्राइम ब्रांच की ओर से शनिवार को चार लोगों को पकड़े जाने के बाद पांच और आरोपियों को टिकट की कालाबाजारी करने के आरोप में पकड़ा गया है। एलिसब्रिज पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को पकड़ा, जबकि एक और आरोपी को चांदखेडा पुलिस ने पकड़ा है। अब तक छह मामलों में 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

एलिसब्रिज थाने के पीआइ के.एम.भुवा के अनुसार टीम को सूचना मिली थी कि टी-20 वर्ल्डकप फाइनल के टिकट की कुछ लोग कालाबाजारी कर रहे हैं। ऐसे दो मामलों में चार आरोपियों को पकड़ा। इनके पास से 12 टिकट बरामद किए हैं। इसमें गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तमिलनाडु चेन्नई के नलाना मुदल्ली स्ट्रीट सौकापेट निवासी किशोरमल सुराना (55) और वडोदरा हरीनगर निवासी नील मजूमदार (23) शामिल हैं। इनके पास से 3500 और 4000 रुपए के दर की 10 टिकटें बरामद की हैं। आरोप है कि ऑनलाइन खरीदी इन टिकटों को यह दोनों 10 हजार रुपए की कीमत पर बेचने की फिराक में थे।

दो हजार की टिकट 10 हजार में बेचने की फिराक में थे

एक अन्य कार्रवाई में साबरमती मोटेरा स्टेडियम के पास संगाथ-2 में रहने वाले करणसिंह गोहिल (24) और पालडी शांतिवन निवासी धर्मिल पटवा (30) को भी दो टिकटों के साथ पकड़ा है। ऑनलाइन दो हजार रुपए में खरीदी टिकट को ये 10 हजार रुपए में बेचने की फिराक में थे। उधर चांदखेड़ा पुलिस ने भी पांच टिकटों के साथ राजस्थान के गंगानगर सादुल शहर निवासी लविस मदान (22) को पकड़ा है। आरोप है कि दो हजार रुपए की इन टिकटों को यह ऊंची कीमत पर बेचने की फिराक में था। इसे स्टेडियम के पास से ही पकड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *