भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया, जिससे देशभर में खुशी की लहर दौड़ गई। बरेली में भी जीत के बाद जश्न का माहौल बन गया। जैसे ही भारतीय टीम जीत के करीब पहुंची, शहर की सड़कों पर युवाओं की टोलियां तिरंगा लहराते हुए निकल पड़ीं। लोगों ने मिठाइयां बांटीं और ढोल-नगाड़ों पर जमकर थिरकते हुए अपनी खुशी का इजहार किया। चारों ओर आतिशबाजी की गई और विजयोत्सव मनाया गया। मैच के अंतिम क्षणों में, जब भारत जीत से बस कुछ ही कदम दूर था, शहर के चौक-चौराहों और गलियों में लोग बड़ी स्क्रीन पर टकटकी लगाए बैठे थे। हर कोई सांस रोककर भारत की ऐतिहासिक जीत का इंतजार कर रहा था। न्यूजीलैंड का आखिरी विकेट गिरते ही लोगों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। सिविल लाइंस, डीडीपुरम, श्यामगंज, कोतवाली और अन्य क्षेत्रों में लोग झंडे लहराते हुए सड़कों पर उतर आए। हर तरफ आतिशबाजी की गूंज सुनाई देने लगी। कुछ युवाओं ने बाइक रैली निकालकर अपनी खुशी का इजहार किया और मिठाइयां बांटीं। श्यामगंज स्थित साईं मंदिर में महंत सुशील पाठक ने विशेष हवन करवाया था। जीत के बाद वहां उपस्थित भक्तों ने शंखनाद किया और प्रसाद वितरण किया।


