Israel Last Warning Lebanon Civilians: मिडिल-ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच इजरायल ने दक्षिणी लेबनान के लोगों को कड़ी चेतावनी दी है। इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने साफ शब्दों में कहा है कि लिटानी नदी के दक्षिण में रहने वाले लोग तुरंत अपने घर खाली कर दें और सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
इजरायली सेना का कहना है कि इस इलाके में हिजबुल्लाह की गतिविधियां बढ़ गई हैं और इसी वजह से यहां सैन्य कार्रवाई जारी है। आईडीएफ ने चेतावनी दी है कि हिजबुल्लाह के ठिकानों या हथियारों के आसपास रहना आम लोगों के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है। ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब लेबनान तक साफ दिखाई दे रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में हालात और भी गंभीर होते जा रहे हैं।
इजरायल डिफेंस फोर्स ने लोगों से की अपील
इजरायल डिफेंस फोर्स ने ऑफिशियल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”हिजबुल्लाह की आतंकवादी गतिविधि की वजह से इजरायल रक्षा बल को इलाके में संगठन के खिलाफ काम करना पड़ रहा है। आईडीएफ का इरादा आपको नुकसान पहुंचाना नहीं है। इजरायल रक्षा बल की ओर से दक्षिण की ओर किसी भी मूवमेंट से आपकी जान को खतरा पहुंचा सकता है।”
आईडीएफ ने कहा, ”हमले जारी हैं और इजरायल रक्षा बल इलाके में काफी ताकत के साथ काम कर रही है। हम एक बार फिर आपसे अपील करते हैं कि आप तुरंत अपने घर खाली कर दें और लिटानी नदी के उत्तर में चले जाएं।”
आईडीएफ ने कहा, ”जो कोई भी हिजबुल्लाह के गुर्गों, उसकी जगहों या उसके हथियारों के आसपास है तो वह अपनी जान जोखिम में डाल रहा है। अपनी और अपने परिवारों की सुरक्षा के लिए तुरंत लिटानी नदी के उत्तर वाले इलाकों में चले जाएं। नदी के दक्षिण में रहने से आपकी और आपके परिवारों की जान को खतरा हो सकता है।”
इजरायल ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद उनके किसी भी उत्तराधिकारी को धमकी दी है। इजरायली सेना ने कहा कि खामेनेई को निष्क्रिय किए जाने के बाद ईरान का शासन खुद को फिर से संगठित करने और नया नेता चुनने की कोशिश कर रहा है। हालांकि इजरायल का हाथ हर उत्तराधिकारी और हर उस व्यक्ति तक पहुंचेगा जो नए नेता की नियुक्ति की कोशिश करेगा।
इजरायली सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर फारसी भाषा में पोस्ट करते हुए यह चेतावनी जारी की। पोस्ट में कहा गया कि इजरायल उन सभी लोगों को भी निशाना बनाएगा जो खामेनेई के उत्तराधिकारी को चुनने या नियुक्त करने की प्रक्रिया में शामिल होंगे।
इजरायल का नेक्स्ट प्लान
बता दें यह चेतावनी ऐसे समय में दी गई है जब ईरान की एक अहम संस्था असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स जल्द ही कोम शहर में बैठक करने वाली है। यह वही संस्था है जो ईरान के सर्वोच्च नेता का चुनाव करती है। काफी समय से इस संस्था की बैठक नहीं हुई थी, लेकिन अब नए नेता के चयन को लेकर फिर से बैठक बुलाने की तैयारी की जा रही है।
उधर, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शनिवार को कहा कि इजरायल के पास ईरान की मौजूदा सरकार को कमजोर करने और बदलाव लाने के लिए एक खास प्लान तैयार है।
उन्होंने कहा कि इस योजना का मकसद ईरान की मौजूदा सत्ता को कमजोर करना है ताकि वहां बदलाव की स्थिति बन सके।
ईरान की जनता को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने कहा, “सच्चाई का समय करीब आ रहा है। हमारा उद्देश्य ईरान को तोड़ना नहीं, बल्कि उसे आजाद कराना है और उसके साथ शांति से रहना है।”



Urgent Warning to Residents of Southern Lebanon Located South of the Litani River