धार के कुम्हार गड्ढा में अवैध शराब बरामद:किराए के कमरे से 17 पेटी शराब जब्त, आरोपी फरार

धार के कुम्हार गड्ढा में अवैध शराब बरामद:किराए के कमरे से 17 पेटी शराब जब्त, आरोपी फरार

धार शहर के कुम्हार गड्ढा क्षेत्र में कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने एक किराए के कमरे से देसी और अंग्रेजी शराब की कुल 17 पेटियां बरामद की हैं। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग 62 हजार रुपए बताई जा रही है। कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी चिक्की उर्फ ब्राउन ने अंशुल प्रजापत का मकान किराए पर ले रखा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इस मकान में अवैध रूप से शराब का भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को मकान से 8 पेटी देसी शराब, 8 पेटी बोल्ट बीयर, लंदन प्राइड के 30 क्वार्टर और 7 बोतलें मिलीं। पुलिस ने मौके से सभी अवैध शराब जब्त कर ली। पुलिस ने आरोपी चिक्की उर्फ ब्राउन के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के यहां पहले भी अवैध शराब पकड़ी जा चुकी है। इस बार भी शराब का भंडारण पाए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *