फिल्मी अंदाज में कूलर से भरी गाड़ी लूटी: बहाना बनाकर चालक को उतारा, 20 कूलर लेकर फरार हुए बदमाश

फिल्मी अंदाज में कूलर से भरी गाड़ी लूटी: बहाना बनाकर चालक को उतारा, 20 कूलर लेकर फरार हुए बदमाश

Sambhal Cooler Truck Loot: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में रविवार तड़के बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। असमोली थाना क्षेत्र के जोया रोड स्थित मनौटा पुल के पास 20 कूलरों से भरी एक गाड़ी को बदमाश चकमा देकर ले उड़े। घटना उस समय हुई जब चालक अमरोहा से बहजोई की ओर माल लेकर जा रहा था। लूटे गए कूलरों की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

रस्सी ढीली होने का बहाना बनाकर रची गई साजिश

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार अमरोहा जिले के हारजपुर जमनिया निवासी शाहिद पुत्र महमूद अपनी अशोक लीलैंड गाड़ी (UP23T5155) में 20 कूलर लादकर बहजोई जा रहे थे। रविवार सुबह करीब 4:30 बजे एक स्विफ्ट कार में सवार कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी के पास आकर कहा कि गाड़ी में बंधी रस्सी ढीली हो गई है और सामान गिर सकता है। यह सुनकर चालक ने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोक दिया और नीचे उतरकर रस्सी जांचने लगा।

चालक के उतरते ही बदमाश गाड़ी लेकर फरार

जैसे ही चालक शाहिद गाड़ी से उतरकर रस्सी कसने लगा, उसी दौरान बदमाशों ने मौका देखकर गाड़ी स्टार्ट कर ली और देखते ही देखते गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से चालक हक्का-बक्का रह गया। आसपास कोई मदद न मिलने पर वह पास में स्थित एक ईंट भट्ठे पर पहुंचा और वहां मौजूद व्यक्ति से मोबाइल फोन लेकर मालिक को पूरी घटना की जानकारी दी।

मालिक ने बताया- एक लाख रुपये के थे कूलर

गाड़ी के मालिक अमरोहा निवासी मोहम्मद शाकिर ने बताया कि उनकी गाड़ी में कुल 20 कूलर लदे हुए थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि उनका माल अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई होता है। इस बार यह कूलर अमरोहा के आनंद पिक्चर हॉल के पास से बहजोई स्थित अगस फर्नीचर के मालिक मुकुल के गोदाम तक पहुंचाने के लिए भेजे गए थे।

डायल 112 पर कॉल के बावजूद नहीं मिला तुरंत जवाब

घटना के बाद चालक और मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बताया गया कि डायल 112 पर भी कॉल की गई थी, लेकिन उस समय कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद थाना पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आसपास के इलाकों में गाड़ी की तलाश शुरू कर दी गई।

सीसीटीवी के सहारे बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी संजीव गिरी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम लगातार जांच कर रही है। पुलिस चौकी प्रभारी संदीप कुमार अपनी टीम के साथ आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं। प्रारंभिक जांच में गाड़ी को अमरोहा जिले के सैदनगली थाना क्षेत्र तक जाते हुए देखा गया है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वहां से गाड़ी किस दिशा में गई और बदमाशों का आगे का रूट क्या रहा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *