बूंदी की करवर पंचायत की बंजारा बस्ती में एक युवक का शव उसके ससुराल में पेड़ से लटका मिला है। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर युवक की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। यह घटना रविवार सुबह श्रीपुरा गांव में सामने आई, जब पेड़ पर शव लटके होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस और मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा और इंद्रगढ़ सामुदायिक अस्पताल ले गई। मृतक के भाई मलखाना बंजारा ने करवर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि रामस्वरूप (28) शनिवार को बाइक से रसूलपुरा जा रहा था। रास्ते में उसकी पत्नी चंद्रकला और साले राधेश्याम व बन्ना उसे मिले और अपने साथ ससुराल ग्राम श्रीपुरा ले गए। परिजनों का आरोप है कि श्रीपुरा ले जाने के बाद पत्नी और सालों ने मिलकर रामस्वरूप के साथ मारपीट की और उसे शराब पिलाई। परिजनों को आशंका है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने रामस्वरूप की हत्या कर उसके शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों की शिकायत पर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। रामस्वरूप का करीब 7 साल पहले विवाह हुआ था। उसके एक लड़का, दो लड़कियां हैं। वहीं, पत्नी बीते 5 महीने से पीहर में रह रही थी। सीआई नरेश मीणा ने बताया कि फिलहाल मृग में दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, कटेंट: रशीद अख्तर, करवर


