पन्ना जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में चौकी मोहन्द्रा (थाना सिमरिया) पुलिस ने एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। पुलिस की घेराबंदी देख आरोपी अपनी कार मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशों पर की गई। जानकारी के अनुसार, रविवार 8 मार्च को चौकी प्रभारी मोहन्द्रा, उपनिरीक्षक दीपक भदौरिया अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। तभी उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि बड़खेरा निवासी अजय पाल लोधी अपनी बलेनो कार (MP35-ZA 5906) में अवैध शराब लेकर रीठी की ओर जा रहा है। पुलिस टीम ने ग्राम रीछी के पास घेराबंदी की। जब संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, तो आरोपी ने पकड़े जाने के डर से कार को तेज रफ्तार से खेतों की ओर मोड़ दिया। ऊबड़-खाबड़ रास्ते पर चलने के कारण वाहन क्षतिग्रस्त होकर बंद हो गया, जिसका फायदा उठाकर चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने लावारिस खड़ी बलेनो कार की तलाशी ली। कार की डिग्गी से 2 पेटी अंग्रेजी गोवा शराब (100 क्वार्टर) और 6 पेटी देशी प्लेन शराब (300 क्वार्टर) बरामद हुई। कुल 72 लीटर अवैध शराब की अनुमानित कीमत 31,000 रुपए है। इसके साथ ही लगभग 6,00,000 रुपए मूल्य की बलेनो कार भी जब्त की गई। कुल जब्त सामग्री का मूल्य 6,31,000 रुपए आंका गया है। आरोपी अजय पाल लोधी के खिलाफ थाना सिमरिया में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिमरिया योगेन्द्र गायकवार, चौकी प्रभारी मोहन्द्रा दीपक भदौरिया, चौकी प्रभारी हरदुआ उपनिरीक्षक जे.पी. अहिरवार, प्रधान आरक्षक रवि पाठक, सर्वेन्द्र कुमार, आरक्षक दिव्यराज बुन्देला, राहुल पटेल और चालक अखिल शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


