गाजियाबाद पुलिस ने कफ सिरप तस्करों पर की कार्रवाई:अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा, 12.55 करोड़ की संपत्ति जब्त

गाजियाबाद पुलिस ने कफ सिरप तस्करों पर की कार्रवाई:अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा, 12.55 करोड़ की संपत्ति जब्त

गाजियाबाद पुलिस ने कफ सिरप तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में सहारनपुर निवासी विभोर राणा और विशाल सिंह सहित कुल 8 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने अब इन आरोपियों द्वारा तस्करी से अर्जित की गई लगभग 12 करोड़ 55 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर क्राइम ब्रांच, स्वॉट टीम और नंदग्राम पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रकों के माध्यम से कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़े पैमाने पर तस्करी की जा रही है। इसके बाद पुलिस ने चार ट्रकों को रोका, जिनमें चूने के बोरों के बीच छिपाकर Eskuf और Phensedyl कफ सिरप की 1150 पेटियां मिलीं। इन पेटियों में 15 लाख 73 हजार से अधिक शीशियां बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 40 लाख रुपये है। मौके से एक कार, 20 लाख रुपये नकद, दो लैपटॉप, दस मोबाइल फोन, फर्जी सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी कंपनियों के नाम पर कफ सिरप जमा करते थे और फिर उन्हें विभिन्न राज्यों में तस्करी करते थे।
विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों और उनके परिवार ने पिछले कुछ वर्षों में करोड़ों रुपये की जमीन, मकान और अन्य संपत्तियां खरीदी थीं। उनकी घोषित आय इन संपत्तियों के मुकाबले काफी कम थी। जांच से पता चला कि लगभग 13 करोड़ रुपये की संपत्ति नशीले कफ सिरप की तस्करी से अर्जित धन से खरीदी गई थी। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपियों और उनके परिवार के नाम पर खरीदी गई कुल 12 करोड़ 55 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति को फ्रीज कर दिया गया है। पुलिस ने यह भी कहा कि नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *