धौलपुर जिला साइक्लिंग संघ के चुनाव में कृष्ण कुमार गर्ग को तीसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया, जबकि शारीरिक शिक्षक विमल शर्मा सचिव निर्वाचित हुए। चुनाव अधिकारी ओम प्रकाश गुर्जर की मुख्य आतिथ्य में हुए इन चुनावों में राजस्थान साइक्लिंग संघ के पर्यवेक्षक सुनील, जिला क्रीड़ा परिषद धौलपुर के पर्यवेक्षक अशोक कुमार और जिला ओलंपिक संघ के पर्यवेक्षक केशव राना भी उपस्थित रहे। चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुए। नई कार्यकारिणी में कृष्ण कुमार गर्ग अध्यक्ष और विमल शर्मा सचिव चुने गए। उपाध्यक्ष पद पर अंबा शंकर चौधरी, चौब सिंह, जयप्रकाश कटारा और महावीर गर्ग को निर्वाचित किया गया। रवि शंकर, आफाक अहमद, नरेंद्र शर्मा और शैलेंद्र व्यास संयुक्त सचिव बने, जबकि पवन कुमार सुखीजा कोषाध्यक्ष और रंजीत दिवाकर व अजय कुरैशी तकनीकी सलाहकार चुने गए। अध्यक्ष चुने जाने के बाद कृष्ण कुमार गर्ग ने सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह खिलाड़ियों के लिए हर संभव प्रयास करेंगे और शीघ्र ही जिला स्तर पर साइक्लिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा। सचिव विमल शर्मा ने साइक्लिंग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि साइक्लिंग व्यायाम का एक बेहतर साधन है और इसे सभी को अपनाना चाहिए। उनका लक्ष्य साइक्लिंग खिलाड़ियों में इस खेल के प्रति उत्साह पैदा करना रहेगा। चुनाव का संचालन शारीरिक शिक्षक अनिल मिश्रा ने किया। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को वरिष्ठ अधिवक्ता अतुल कुमार भार्गव, शैलेंद्र सिंह राणा, मोहम्मद जाकिर हुसैन, शैलेंद्र यादव, अकील अहमद, गुरमीत मान, संदीप राना, सुरेंद्र गुर्जर और हरेंद्र गुर्जर सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने शुभकामनाएं दीं।


