चंदौली: कंदवा थानाक्षेत्र के जलालपुर में सोते समय गोली मारकर युवक की हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतक के भाई को ही पुलिस ने गिरफ्तार किया है और उसने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। आरोपी बड़ा भाई अपने छोटा भाई के घर में मिलने वाली तवज्जो से परेशान था। इसके साथ ही बैंक खाते में जमा उसकी एफडी पर भी उसकी नजर थी। इसी वजह से उसने गोली मार का छोटे भाई की हत्या कर दी थी।
छोटे भाई से नाराज था बड़ा भाई
पूरे मामले का खुलासा करते हुए चंदौली के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि ग्राम जलालपुर में संपत्ति के लालच और छोटे भाई व अमृत तक विशाल सिंह की घर में हैसियत की वजह से बड़ा भाई विवेक सिंह परेशान रहता था। इसके साथ ही आरोपी नशे का आदी है और अक्सर शराब का सेवन करता है, जिसकी वजह से होली के अगले दिन मृतक विशाल ने अपने बड़े भाई को नौकर के सामने बेइज्जत किया था, जिससे वह नाराज चल रहा था।
घर में नहीं मिलता था मान सम्मान
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ समय पहले वह हत्या के एक मामले में जेल गया था, तब से उसका घर में मान सम्मान खत्म हो गया था। करीब 4 महीने पहले घर की एक जमीन 75 लाख रुपए में बेची गई और दोनों भाइयों में उसका बंटवारा हुआ। मृतक विशाल ने 25 लख रुपए की एफडी करवा ली, जबकि आरोपी ने सारे पैसे खर्च कर दिए। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने सोचा कि यदि उसका छोटा भाई मर जाएगा तो उसकी 25 लाख रुपए की एफडी उसकी हो जाएगी और घर में लिए जाने वाले फैसलों में उसका हस्तक्षेप भी होने लगेगा।
हत्या के समय आरोपी ने पी थी शराब
पुलिस ने बताया कि होली के अगले दिन 5 मार्च को आरोपी ने काफी मात्रा में शराब पी ली। इसके बाद नशे में उसने दोपहर में घर के हॉल में सो रहे अपने छोटे भाई विशाल के सिर में पीछे से गोली मार दी, जिसकी घटना स्थल पर मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने सीसीटीवी के डीवीआर और पिस्टल को भूसे में छिपा दिया। पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से मामले का खुलासा करते हुए वारदात में इस्तेमाल किए गए पिस्टल को भी बरामद कर लिया है।


