हनुमानगढ़ के टाउन क्षेत्र में दूध सप्लाई करने जा रहे एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक को रोककर लाठी-डंडों से पीटा और उसके गले से सोने की चेन तथा लगभग 20 हजार रुपये नकद छीनकर फरार हो गए। टाउन थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चक 13 केएसपी भुनावाली ढाणी निवासी भीमसेन जाट ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। भीमसेन हनुमानगढ़ टाउन और जंक्शन क्षेत्र में दूध सप्लाई का काम करते हैं। घटना 7 मार्च की सुबह की है, जब वह अपनी दिनचर्या के अनुसार दूध सप्लाई के लिए टाउन से जंक्शन की ओर जा रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार, सुबह करीब 8:45 बजे जब भीमसेन टाउन-जंक्शन रोड पर बजाज व्हीकल की एजेंसी के पास पहुंचे, तो एक सफेद स्विफ्ट कार और दो मोटरसाइकिलों पर सवार युवक अचानक उनके सामने आ गए। कार और बाइक से उतरे लगभग 7-8 युवकों ने उन्हें घेर लिया। सभी हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे थे। युवकों ने भीमसेन को पकड़कर मारपीट की। इस दौरान हमलावरों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और दूध सप्लाई के लिए रखे लगभग 20 हजार रुपये नकद भी लूट लिए। जाते समय, आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इस हमले में भीमसेन को आंख, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। शिकायत में बताया गया है कि मारपीट के कारण उनके चेहरे और हाथों पर सूजन तथा शरीर पर चोट के निशान हैं। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई अमीचंद को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।


