Patrika Foundation Day : जयपुर शहर में सड़क हादसों को कम करने और शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से राजस्थान पत्रिका और आरटीओ साथ मिलकर काम करेंगे। पत्रिका समूह के संस्थापक पत्रिका समूह के संस्थापक कर्पूर चंद्र कुलिश के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर शनिवार को इसके आधिकारिक आदेश जारी किए हैं। इसके तहत आमजन अपने आस-पास सड़क दुर्घटना वाले ब्लैक स्पॉट की फोटो, लोकेशन और संक्षिप्त विवरण पत्रिका के बताए व्हाट्सऐप नंबर पर भेजेंगे।
लोगों से प्राप्त इन सूचनाओं को एकत्रित कर प्रादेशिक परिवहन कार्यालय को भेजा जाएगा। इसके बाद आरटीओ प्रथम कार्यालय की ओर से गठित विशेष उड़नदस्ता संबंधित स्थानों पर जाकर भौतिक सत्यापन करेगा। टीम मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति, संकेतकों की उपलब्धता, ट्रैफिक व्यवस्था और अन्य जोखिमों का निरीक्षण करेगी।
एक महीने चलेगा अभियान
यह अभियान लगातार एक महीने तक चलाया जाएगा। इस दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संभावित ब्लैक स्पॉट की विस्तृत सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद इन स्थानों से संबंधित प्रस्ताव जयपुर जिला सड़क सुरक्षा समिति और ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड को भेजे जाएंगे। यहां इन समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
इन समस्याओं के होंगे समाधान
- सड़क पर गहरे गढ्डे ठीक कराना
- डिफेक्टिव सड़कों को ठीक करवाना
- सड़क संकेतक लगवाना
- रोड फर्नीचर लगवाना
- ट्रैफिक बत्ती लगाना
- डिवाइडर की व्यवस्था करना
- स्पीड ब्रेकर लगाना
- वन-वे के प्रस्ताव पर परीक्षण करवाना
- सड़क पर से अतिक्रमण हटाना
- ब्लैक स्पॉट की पहचान करके सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करवाना
- रिफ़्लेक्टर, रोड लाइट लगाना
पत्रिका के इस नंबर पर भेजें सूचना
शहर के लोग राजस्थान पत्रिका के 8094020235 नंबरों पर ब्लैक स्पॉट की सूचना भेज सकते हैं। इन नंबरों पर सिर्फ व्हाट्सअप करें।
आरटीओ ये बोले
सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ठोस कदम उठा रहा है। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर जयपुर शहर में ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जा रहे हैं। राजस्थान पत्रिका के साथ प्रादेशिक परिवहन कार्यालय शहर के लोगों के प्रकरणों का निस्तारण करवाएगा।
राजेन्द्र सिंह शेखावत, आरटीओ प्रथम


