हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज रविवार को सिरसा का दौरा करेंगे। सीएम दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। सिरसा में दो जगह मेन प्रोग्राम है, जहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। जानकारी के अनुसार, रानियां विधानसभा के जीवन नगर में आयोजित होल्ला मोहल्ला पर्व में सीएम शामिल होंगे। जीवननगर में मुख्यमंत्री के आगमन के लिए हवाई मार्ग का उपयोग किया जाएगा, जिसके लिए एक हेलीपैड भी तैयार किया गया है। इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पज हॉल में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में प्रदेशभर से महिला सशक्तिकरण से जुड़ी अनेक प्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाएं भाग लेंगी। डीसी-एसपी ने लिया जायजा इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर उपायुक्त शांतनु शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत और पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने पुलिस लाइन सिरसा से लेकर सीडीएलयू तक के सभी मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ अन्य वैकल्पिक मार्गों का भी निरीक्षण किया। बैरिकेडिंग, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, सफाई, मोबाइल टॉयलेट्स, वीवीआईपी एवं मीडिया गैलरी, चेकिंग पॉइंट, हेलीपैड और आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।


