धमतरी| रामपुर वार्ड की वर्मा गली में नाली साफ न होने के कारण समस्या बनी हुई है। नाली की गंदगी और निकासी के अभाव में पानी सड़कों पर जमा हो गया है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति बीते एक साल से है, और इस जलजमाव के चलते मच्छरों की संख्या बढ़ रही है, जिससे स्थानीय निवासियों में बीमारियों का डर बना हुआ है। होली से पहले लोगों की शिकायतों पर सड़क पर जमा गंदे पानी को मोटर पंप से टैंकर में भरकर दूसरी जगह ले जाकर फेंका गया था। नाली अमलताशपुरम के पास नाली से जुड़ा है। बारिश के मौसम में तो सड़कें पूरी तरह पानी में डूब जाती हैं। बच्चे अपने घरों के बाहर खेल नहीं पा रहे हैं। साथ ही सड़कें फिसलन भरी हो जाने के कारण दुर्घटना बढ़ गई है। इनके बावजूद निगम प्रशासन समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। सफाई करने और पानी निकासी की मांग की गई थी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।


