Kanpur News:10 लाख की रंगदारी मांगने वाला 25 हजार का इनामी गिरफ्तार,10 माह से चल रहा था फरार

कानपुर। कमीशन के नाम पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में जेल में बंद दीनू उपाध्याय का 25 हजार रुपये के इनामी साथी अतुल को गिरफ्तार कर लिया। जवाहरनगर निवासी अतुल करीब 10 माह से फरार चल रहा था। पुलिस ने शनिवार शाम को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

सीसामऊ थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि यह मामला एक मकान के सौदे के बाद कमीशन के नाम पर दबाव बनाकर रुपये वसूलने से जुड़ा है। इस मामले में अधिवक्ता दीनू उपाध्याय सहित कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। फरार चल रहे आरोपी अतुल अग्निहोत्री पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

मकान के सौदे के बाद मांगा गया कमीशन –

गांधीनगर पीरोड निवासी अभिषेक मिश्रा ने 1 जून 2025 को सीसामऊ थाने में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उन्होंने अपने पुश्तैनी मकान का सौदा हरबंशमोहाल निवासी अजय गुप्ता और पंकज गुप्ता से किया था। इस संबंध में 15 अक्तूबर को रजिस्टर्ड एग्रीमेंट भी कराया गया था। पीड़ित के अनुसार, सौदे की जानकारी मिलने पर रवि पांडेय, अतुल अग्निहोत्री, जनार्दन पांडेय और रामचंदर उनके घर पहुंचे और मकान बिकवाने के नाम पर 10 लाख रुपये कमीशन की मांग करने लगे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने दबाव बनाकर छह लाख रुपये भी ले लिए।

कचहरी ले जाकर कराया इकरारनामा –

आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी नहीं माने और पीड़ित पक्ष को जबरन कचहरी ले गए। वहां अधिवक्ता नीरज दुबे के चैंबर में लिखापढ़ी कराई गई। इस दौरान दबाव बनाने के लिए अधिवक्ता दीनू उपाध्याय को भी बुला लिया गया। पीड़ित का आरोप है कि दीनू उपाध्याय के धमकाने पर अजय गुप्ता से 10 रुपये के स्टांप पेपर पर छह लाख रुपये कमीशन देने का इकरारनामा लिखवाया गया। इस दस्तावेज में नीरज दुबे गवाह के रूप में शामिल हुए।

एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की दी धमकी –

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने रामचंदर नाम के व्यक्ति को आगे कर पीड़ित को एससी-एसटी एक्ट में झूठा फंसाने की धमकी भी दी थी। इसके बाद पीड़ित ने दीनू उपाध्याय, नीरज दुबे, रवि पांडेय, अतुल अग्निहोत्री, जनार्दन, रामचंदर और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ जबरन वसूली, धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस के मुताबिक, मामले में अधिकांश आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। फरार चल रहे अतुल अग्निहोत्री को अब गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *