छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हिंदू संगठन के नेता ठाकुर राम सिंह पर ईरान के सुप्रीम लीडर आयत उल्लाह अली खामेनेई की मौत पर जश्न मनाने और मिठाइयां बांटने का आरोप लगा है। राम सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर मुसलमानों के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें देशद्रोही बताया है। यह पोस्ट सामने आने के बाद मुस्लिम समाज में नाराजगी फैल गई। बड़ी संख्या में समाज के लोग थाना पहुंचे और ठाकुर राम सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मुस्लिम समाज की शिकायत पर पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। अब जानिए पूरा मामला दरअसल, बीते 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर आयत उल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई। इस पर बिलासपुूर में हिंदू संगठन के नेता राम सिंह ठाकुर ने मुस्लिम धर्मगुरु और ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर आयत उल्लाह अली खामेनेई को लेकर सोशल मीडिया पर एक विवादित टिप्पणी पोस्ट की थी। खामेनेई की मौत की खबर आने पर उसने जश्न मनाते हुए मिठाइयां भी बांटी थी। आरोपी राम सिंह ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी पोस्ट किया है। इस वीडियो में वह आयत उल्लाह अली खामेनेई की मौत पर मातम मनाने वालों के खिलाफ अपशब्द बोलते हुए नजर आ रहा है। वीडियो में उसने भारतीय मुसलमानों को देशद्रोही बताते हुए उन्हें ईरान भेजने की बात कही। आपत्तिजनक पोस्ट से मुस्लिम समाज नाराज यह पोस्ट सामने आने के बाद मुस्लिम समाज में नाराजगी फैल गई। इस मामले को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों ने कड़ा विरोध जताया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग सरकंडा थाना पहुंचे और ठाकुर राम सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। समाज के लोगों का आरोप है कि राम सिंह ने सोशल मीडिया पर ऐसी टिप्पणी की है, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और इससे शहर की शांति व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि बिलासपुर हमेशा से शांत और भाईचारे वाला शहर रहा है। ऐसे में इस तरह की टिप्पणी हिंदू और मुस्लिम समुदाय के बीच सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि किसी को भी धर्म और समाज के खिलाफ भड़काऊ बयान देने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के बाद ठाकुर राम सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


