अनूपगढ़ (श्रीगंगानगर)। नेशनल हाईवे 911 से गांव 4 एलएसएम की ओर जाने वाली लिंक रोड पर शनिवार शाम सड़क दुर्घटना में दादा-पोती की मौत हो गई, जबकि दूसरी पोती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हालांकि बाद में पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नम्बर के आधार पर चालक की पहचान कर ली है।
थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 4:30 बजे गांव 9 एलएसएम निवासी इंद्र बावरी (58) पुत्र भाग सिंह अपनी दोनों पोतियों कोमल (13) और ज्योति (7) को बाइक पर लेकर बांडा के राजकीय विद्यालय से घर वापस जा रहे थे।
कार ने मारी थी टक्कर
जब वे गांव 4 एलएसएम की लिंक रोड पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में इंद्र बावरी और उनकी पोती कोमल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी पोती ज्योति गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बांडा कॉलोनी पुलिस चौकी के एएसआई कालूराम मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया।
एएसआई कालूराम मीणा ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से मृतक इंद्र बावरी के शव को अनूपगढ़ के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया, जबकि मृतका कोमल और घायल ज्योति को समेजा कोठी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
यह वीडियो भी देखें
रोजाना पोतियों को स्कूल ले जाते व लाते थे
मौके पर मौजूद सरपंच भागीरथ शर्मा ने बताया कि मृतक इंद्र बावरी गांव 9 एलएसएम के निवासी थे और अपनी पोतियों को रोजाना स्कूल से लेकर आते-जाते थे। उन्होंने बताया कि कोमल कक्षा 7 की छात्रा थी, जबकि ज्योति कक्षा 6 में पढ़ती है।
सरपंच ने बताया कि रोज की तरह शनिवार को भी इंद्र बावरी अपनी पोतियों को स्कूल से घर लेकर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।


