गिरफ्तारी का लुकआउट नोटिस जारी होते ही रैपर बादशाह ने मांगी माफी, बोले- बेटा समझ कर माफ कर दो

गिरफ्तारी का लुकआउट नोटिस जारी होते ही रैपर बादशाह ने मांगी माफी, बोले- बेटा समझ कर माफ कर दो

Rapper Badshah Issues Apology Over Tateeree Row: पिछले कुछ दिनों से अपने हरियाणवी गाने ‘टटेरी’ को लेकर विवादों में घिरे मशहूर रैपर बादशाह ने आखिरकार इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है। सोशल मीडिया पर बढ़ते विरोध और कानूनी कार्रवाई के बीच सिंगर ने एक वीडियो जारी कर लोगों से माफी मांगी है।

उन्होंने खास तौर पर हरियाणा के लोगों से अपील की कि अगर उनके गाने से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें अपने बेटे की तरह समझकर माफ कर दिया जाए।

वीडियो के जरिए बादशाह ने मांगी माफी (Rapper Badshah Issues Apology Over Tateeree Row)

रैपर बादशाह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि उनके नए गाने को लेकर कई लोगों को आपत्ति हुई है। उन्होंने माना कि गाने के बोल और उसके प्रस्तुतिकरण को लेकर लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। इसी कारण उन्होंने यह भी बताया कि गाने को सभी प्लेटफॉर्म से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वीडियो में उन्होंने साफ कहा कि उनका उद्देश्य कभी भी किसी महिला, बच्चे या समाज के किसी वर्ग का अपमान करना नहीं था। उन्होंने कहा कि जो लोग उन्हें करीब से जानते हैं, वे जानते हैं कि उनकी पहचान, भाषा और संस्कृति पूरी तरह हरियाणवी है और उन्हें इस पर गर्व है।

हरियाणवी पहचान पर जताया गर्व

अपने मैसेज में बादशाह ने ये भी कहा कि वो खुद हरियाणा से ताल्लुक रखते हैं और उनकी परवरिश, खान-पान और जीवनशैली में हरियाणवी संस्कृति की झलक साफ दिखाई देती है। ऐसे में वो कभी भी अपने ही समाज के लोगों का अपमान करने के बारे में सोच भी नहीं सकते।

उन्होंने ये भी बताया कि वो जिस हिप-हॉप संगीत शैली से जुड़े हैं, उसमें अक्सर कलाकार एक-दूसरे पर तंज कसते हुए या प्रतिस्पर्धा दिखाते हुए गाने बनाते हैं। इसी शैली के तहत यह गाना तैयार किया गया था, लेकिन इसका मकसद किसी को नीचा दिखाना नहीं था।

कुछ शब्दों को बताया अनुचित

बादशाह ने ये स्वीकार किया कि गाने में इस्तेमाल किए गए कुछ शब्दों को लोगों ने आपत्तिजनक माना है। उन्होंने कहा कि अगर उनके गाने के किसी हिस्से से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं तो इसके लिए वह दिल से माफी मांगते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि लोग उनकी बात समझेंगे और उन्हें अपने परिवार के सदस्य की तरह माफ कर देंगे।

पुलिस कार्रवाई के बीच आया बयान (Rapper Badshah Issues Apology Over Tateeree Row)

गौरतलब है कि ‘टटेरी’ गाने को लेकर हरियाणा में विवाद काफी बढ़ गया था। इस मामले में पंचकूला के साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गाने के वीडियो में अश्लील शब्दों, अनुचित इशारों और स्कूल यूनिफॉर्म में लड़कियों को दिखाने वाले सीन शामिल हैं, जो महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं।

मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया और गाने को डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी।

फैंस का मिला समर्थन

जैसे ही बादशाह का माफी वाला वीडियो सामने आया, सोशल मीडिया पर उनके फैंस ने उन्हें समर्थन देना शुरू कर दिया। कई लोगों ने कमेंट करते हुए लिखा कि वे अपने पसंदीदा कलाकार के साथ खड़े हैं और उम्मीद करते हैं कि विवाद जल्द खत्म हो जाएगा। फिलहाल इस पूरे मामले में जांच जारी है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि कानूनी प्रक्रिया किस दिशा में आगे बढ़ती है और इस विवाद का अंत किस तरह होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *