धार जिले के दसई गांव (संजय कॉलोनी) में रिहायशी इलाके और अस्पताल के पास संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। आक्रोशित महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक (SP) और जिला सहायक आबकारी अधिकारी कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। महिलाओं का आरोप है कि शराबियों के जमावड़े और हरकतों के कारण उनका घर से निकलना मुश्किल हो गया है। ज्ञापन सौंपने पहुंचीं महिलाओं ने बताया कि यह लाइसेंसी शराब दुकान संजय कॉलोनी में शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से महज 50 मीटर की दूरी पर धड़ल्ले से चल रही है। इसी अस्पताल परिसर में बड़केश्वर महादेव मंदिर और पास ही एक आंगनवाड़ी केंद्र भी स्थित है। धार्मिक और स्वास्थ्य केंद्रों के पास शराब बिकने से पूरे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और इसका सीधा नकारात्मक असर बच्चों पर पड़ रहा है। सड़क पर लगता है जाम, गलियों में शराबियों का आतंक यह विवादित दुकान मांगोद-कानवन मुख्य मार्ग पर स्थित है। शराब खरीदने आने वाले लोग अपनी गाड़ियां बेतरतीब ढंग से सड़क पर ही खड़ी कर देते हैं, जिससे अक्सर यातायात बाधित होता है और हादसों का डर बना रहता है। महिलाओं का आरोप है कि शराबी आसपास की गलियों में महफिल जमाकर शराब पीते हैं। जब उन्हें मना किया जाता है, तो वे गाली-गलौज पर उतर आते हैं और महिलाओं के सामने अशोभनीय हरकतें करते हैं। दिसंबर 2024 में भी की थी शिकायत, सिर्फ मिला था आश्वासन ममता शर्मा, अनु विश्वकर्मा, सीमा पाटीदार, रीना और रुकमा बाई सहित दर्जनों महिलाओं ने बताया कि इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने 2 दिसंबर 2024 को भी दसई चौकी प्रभारी को लिखित आवेदन दिया था। उस वक्त प्रशासन की ओर से नए टेंडर में दुकान का स्थान बदलने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी दुकान उसी जगह पर संचालित हो रही है।


