हरियाणा के रेवाड़ी में डॉक्टरों ने एक दिन के लिए ओपीडी सेवाएं बंद कर हड़ताल की। यह हड़ताल करनाल जिले के घरौंडा में ड्यूटी के दौरान एक चिकित्सक के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित दुर्व्यवहार और काम में बाधा डालने के विरोध में की गई है। चिकित्सकों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज (HCMS) एसोसिएशन की जिला प्रधान डॉ. सुधा यादव ने बताया कि करनाल के घरौंडा में ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर के साथ पुलिसकर्मियों ने दुर्व्यवहार किया और उनके काम में बाधा डाली। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह ड्यूटी कर रहे डॉक्टर को अपराधियों की तरह कॉलर पकड़कर थाने ले जाया गया, वह पूरे चिकित्सा समुदाय का अपमान है। कार्रवाई ना होने पर आगे भी हड़ताल की चेतावनी डॉ. सुधा यादव ने कहा कि इसी घटना के विरोध में रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल परिसर में डॉक्टरों की एसोसिएशन ने एक दिन की हड़ताल रखते हुए ओपीडी सेवाएं बंद रखी हैं। हालांकि, मरीजों की सुविधा को देखते हुए आपातकालीन सेवाएं जारी रखी गई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिसकर्मियों के खिलाफ उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई, तो डॉक्टर आगे भी अपनी सेवाएं बंद रखने को मजबूर होंगे, और जरूरत पड़ने पर आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। हड़ताल से मरीजों को हुई परेशानी इस हड़ताल के कारण अस्पताल पहुंचे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब 80 किलोमीटर दूर से अपनी पत्नी का इलाज कराने आए एक व्यक्ति ने बताया कि उनकी पत्नी गंभीर दर्द से पीड़ित है, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उन्हें पता चला कि डॉक्टर हड़ताल पर हैं और ओपीडी की पर्ची भी नहीं बनाई जा रही है। मरीजों ने सरकार से इलाज की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, डॉक्टरों ने भी सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


