सिवनी में तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिल पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। शुक्रवार रात पेट्रोलिंग के दौरान छोटी मस्जिद चौक क्षेत्र में एक बुलेट मोटरसाइकिल को पकड़ा गया, जिससे अत्यधिक शोर हो रहा था। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार तिवारी ने शनिवार सुबह 10 बजे बताया कि संदिग्ध रूप से अत्यधिक ध्वनि कर रही बुलेट को रोककर जांच की गई। जांच में पाया गया कि वाहन में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा था, जिससे अत्यधिक शोर उत्पन्न हो रहा था। इसके बाद वाहन को थाने लाया गया और चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने चालक से कुल 1000 रुपये का समन शुल्क वसूल किया और उसे भविष्य में इस प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न करने की सख्त हिदायत दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देश पर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाली मोटरसाइकिलों के खिलाफ यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तेज आवाज वाले साइलेंसर से न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि विद्यार्थियों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुलिस का उद्देश्य शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार के अवैध मॉडिफिकेशन से बचें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में निरीक्षक सतीश तिवारी के साथ आरक्षक विनय सेंगर, संतोष साहू और राजेंद्र राजपूत शामिल रहे।


