अमेरिका (United States Of America) और इज़रायल (Israel) का ईरान (Iran) के खिलाफ चल रहा युद्ध बढ़ता ही जा रहा है। इस युद्ध का आज आठवां दिन है और दोनों पक्षों की तरफ से एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ हमले किए जा रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि यह युद्ध करीब महीनेभर चल सकता है। युद्ध की वजह से ईरान को जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। इज़रायल को भी इस युद्ध में नुकसान हुआ है, लेकिन ईरान जितना नहीं। 6अमेरिकी सैनिक भी इस युद्ध में अपनी जान गंवा चुके हैं। इसी बीच अब ईरान ने अमेरिका को बड़ी चुनौती दी है।
हिम्मत है तो…
ईरान ने अमेरिका को खुलेआम चुनौती देते हुए कहा है कि अगर हिम्मत है तो होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait Of Hormuz) से गुजरकर दिखाओ। ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रवक्ता ने ट्रंप को चुनौती देते हुए कहा, “हम अमेरिकी नेवी के होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल टैंकरों को एस्कॉर्ट करके होर्मुज से निकालने की चुनौती देते हैं।”
ट्रंप की घोषणा के बाद ईरान ने दी चुनौती
हाल ही में ट्रंप ने घोषणा की थी कि ज़रूरत पड़ने पर अमेरिकी नेवी होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल टैंकरों को सुरक्षित निकालेगी और बीमा सुविधा देगी। गौरतलब है कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को अमेरिका, इजरायल और उनके सहयोगी देशों के लिए प्रभावी रूप से बंद कर दिया है और उनके जहाजों पर हमले की धमकी दी है। इतना ही नहीं, ईरानी सेना ने कुछ टैंकरों को निशाना भी बनाया है।


