ललितपुर में साधु के साथ मिला राजस्थान का लापता किशोर:लोगों ने साधु संग पकड़ा, पुलिस कर रही पूछताछ

ललितपुर में साधु के साथ मिला राजस्थान का लापता किशोर:लोगों ने साधु संग पकड़ा, पुलिस कर रही पूछताछ

ललितपुर में शुक्रवार शाम राजस्थान के धौलपुर जिले से लापता एक किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में एक साधु के साथ मिला। स्थानीय लोगों ने शक होने पर साधु को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बच्चे के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम एक साधु बच्चे के साथ तुवन मंदिर पहुंचा। मंदिर के सेवादार कमल को साधु की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिस पर उन्होंने उससे पूछताछ की। साधु ने बताया कि यह बच्चा उसे वृंदावन में भीख मांगते हुए मिला था, इसलिए वह उसे अपने साथ ले आया। जब बच्चे से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम आदित्य बताया और कहा कि बाबा उसे वृंदावन से लाए हैं। उसने खुद को धौलपुर जिले के बरखेड़ा गांव का निवासी बताया और अपनी मां का मोबाइल नंबर भी दिया। स्थानीय लोगों ने वीडियो कॉल के जरिए उसकी मां से बात कराई, जिन्होंने बच्चे को पहचान लिया। उन्होंने बताया कि उनका बेटा चार दिन से लापता था और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही थाने में दर्ज कराई जा चुकी है। पूछताछ में साधु ने अपनी पहचान मड़ावरा थाना क्षेत्र के देवरान गांव निवासी छोटू अहिरवार के रूप में बताई। पुलिस ने बच्चे को पूछताछ के बाद हेल्प डेस्क में भेज दिया है, जबकि साधु से गहन पूछताछ जारी है। अनुराग अवस्थी ने बताया कि किशोर के परिजनों को सूचना दे दी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *