उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के कर्वी स्थित एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में महिला प्राध्यापक द्वारा छात्राओं से मालिश कराने का एक वीडियो शुक्रवार को सामने आया है। इस वीडियो के आधार पर प्रधानाध्यापिका पर विद्यालय समय में छात्राओं से निजी कार्य कराने के आरोप लगे हैं। वीडियो में छात्राएं महिला प्रधानअध्यापिका के हाथ-पैर दबाते नजर आ रही हैं। यह मामला चित्रकूट के नया बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय का है। वायरल वीडियो में प्रधानाध्यापिका मधु कुमारी विद्यालय परिसर में छात्राओं से अपने पैर की मालिश करवाती दिख रही हैं। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि शिक्षण कार्य के समय छात्राएं शिक्षिका की सेवा में लगी हैं, जबकि प्रधानाध्यापिका आराम से लेटकर मोबाइल फोन चला रही हैं। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय अभिभावकों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि शिक्षण संस्थानों में ऐसा आचरण बच्चों के मानसिक विकास और शैक्षिक वातावरण को नकारात्मक रूप से प्रभावित करता है। विभाग बोला- जांच के बाद कार्रवाई करेंगे
मामले की गंभीरता को देखते हुए यूपी के शिक्षा विभाग ने इसका संज्ञान लिया है। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रधानाध्यापिका दोषी पाई जाती हैं, तो उनके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


