लखीमपुर-खीरी में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ:ग्रामीणों ने ली राहत की सांस, वन विभाग ने 2 घंटे में पकड़ा

लखीमपुर-खीरी में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ:ग्रामीणों ने ली राहत की सांस, वन विभाग ने 2 घंटे में पकड़ा

लखीमपुर खीरी जिले के दक्षिण निघासन लुधौरी वन रेंज क्षेत्र में कई दिनों से दहशत का कारण बना एक तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। शुक्रवार देर शाम बिहारीपुरवा और गोविंदपुर फॉर्म के गांवों के पास लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ फंस गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग ने पिंजरा लगाने के महज दो घंटे के भीतर ही तेंदुए को पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, बिहारीपुरवा और गोविंदपुर फार्म क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीण दहशत में थे। इस तेंदुए ने कई पालतू जानवरों को अपना शिकार बनाया था, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल था। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी और गश्त कर रही थी। वन दरोगा अखिलेश रावत के नेतृत्व में टीम ने शालिकराम के खेत के पास एक पिंजरा लगाया, जिसमें भेड़ को चारा के रूप में रखा गया था। पिंजरा लगाए जाने के लगभग दो घंटे के भीतर ही तेंदुआ उसमें फंस गया। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। क्षेत्र के लोगों ने तेंदुए के पकड़े जाने से राहत महसूस की और वन विभाग की टीम की सराहना की। वन दरोगा अखिलेश रावत ने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित तरीके से वन विभाग की निगरानी में रखा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *