नरसिंहपुर कलेक्टर रजनी सिंह ने शुक्रवार को चांवरपाठा विकासखंड की प्राथमिक शाला बुधवारा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षिका संध्या तिवारी उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर होने के बावजूद अनुपस्थित मिलीं, जिससे उनकी लापरवाही सामने आई। शिक्षिका की अनुपस्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को संध्या तिवारी का एक दिन का वेतन काटने और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर सिंह ने स्पष्ट किया कि शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय के उपस्थिति रजिस्टर की भी जांच की। उन्होंने छात्रों से उनकी पढ़ाई के संबंध में बात की और विद्यालय में उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


