अमहिया मार्ग चौड़ीकरण की तैयारी; 165 अतिक्रमणकारियों को मिला नोटिस:सिरमौर चौराहे से अस्पताल चौराहे तक कार्रवाई तय

अमहिया मार्ग चौड़ीकरण की तैयारी; 165 अतिक्रमणकारियों को मिला नोटिस:सिरमौर चौराहे से अस्पताल चौराहे तक कार्रवाई तय

रीवा के व्यस्त अमहिया मार्ग को चौड़ा करने की कवायद अब तेज हो गई है। प्रशासन ने सिरमौर चौराहे से अस्पताल चौराहे तक चिन्हित किए गए 165 अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी कर दिया है। नोटिस मिलते ही दुकानदारों और मकान मालिकों में खलबली मच गई है। माना जा रहा है कि प्रशासन कभी भी यहां अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर सकता है। सड़क चौड़ीकरण के लिए कुछ दिन पहले संयुक्त टीम ने पूरे मार्ग की नापजोख कराई थी। राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर की गई इस माप में कई जगहों पर 5 से 6 मीटर तक अतिक्रमण पाया गया है। इसके बाद संबंधित अतिक्रमणकारियों की सूची तैयार कर उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। राजस्व नक्शे के अनुसार सिरमौर चौराहे से अमहिया नाले तक सड़क की चौड़ाई 18 मीटर दर्ज है। वहीं गोस्वामी एक्सरे से गुरुद्वारा तक सड़क 22 से 28 मीटर चौड़ी बताई गई है, जबकि गुरुद्वारा से अस्पताल चौराहे तक 18 मीटर चौड़ाई दर्ज है। नापजोख में सामने आया कि कई दुकानदारों ने सड़क की जमीन पर 5–6 मीटर तक कब्जा कर रखा है।
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के सामने की अधिकांश दुकानें भी अतिक्रमण में पाई गईं, जबकि छोटी दरगाह परिसर में बनी दुकानों को भी करीब 5 फीट तक बढ़ाकर बनाया गया है। अमहिया मोड़ के पास तिराहे में सबसे ज्यादा अतिक्रमण पाया गया है। सूची को लेकर शुरू हुआ विवाद अतिक्रमणकारियों की सूची सामने आने के बाद अब नया विवाद भी खड़ा हो गया है। कई दुकानों और मकानों की खरीद-बिक्री हो चुकी है, लेकिन सूची में पुराने मालिकों के नाम दर्ज हैं। ऐसे में नए मालिक अपना नाम सूची में जोड़वाने के लिए तहसील और नगर निगम कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। लोगों को आशंका है कि अगर सूची में नाम नहीं हुआ तो भविष्य में मिलने वाले किसी मुआवजे से वे वंचित रह सकते हैं।
नाम जुड़वाने के लिए आवेदन फोर्ट रोड निवासी राजेन्द्र गुप्ता ने भी नगर निगम और तहसील में आवेदन देकर सूची में नाम जोड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि उन्होंने अमहिया स्थित नजूल प्लॉट नंबर 3550 में 123 वर्ग मीटर जमीन अमरेन्द्रपाल सिंह और छोटेलाल सिंह से खरीदी है। यहां नीचे दुकान और ऊपर गोदाम बना है, लेकिन नापजोख के बाद जारी सूची में उनका नाम शामिल नहीं किया गया। फिलहाल प्रशासन की तैयारी को देखते हुए सिरमौर चौराहे से अस्पताल चौराहे तक जल्द अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तय मानी जा रही है, जिससे इस मार्ग के चौड़ीकरण का रास्ता साफ हो सकेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *