भारत टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंच गया है। टीम ने गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रन से हराया। इस जीत में संजू सैमसन की लगातार दूसरी फिफ्टी और जसप्रीत बुमराह व हार्दिक पंड्या की गेंदबाजी ने बड़ा रोल निभाया। इनके अलावा ईशान किशन और वरुण भी पूरे टूर्नामेंट में टीम के लिए अहम साबित हुए, जिनके प्रदर्शन ने भारत की फाइनल की राह आसान बनाई। सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ करो या मरो मैच में 97 रन की पारी खेली थी। वहीं ईशान किशन की पाकिस्तान के खिलाफ 77 रन की पारी ने टीम को जीत दिलाई थी। उधर वरुण भारत की ओर से टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। स्टोरी में इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचाने वाले 5 हीरोज… 1. जसप्रीत बुमराह : सटीक गेंदबाजी से जिताया गुरुवार को दूसरे सेमीफाइनल में 254 रन का लक्ष्य चेज कर रही इंग्लैंड ने 15 ओवर में 5 विकेट पर 185 रन बना लिए थे। उस समय सैम करन 5 और जैकब बेथेल 81 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। मैच इंग्लैंड के पाले में जाता दिख रहा था, तभी कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जसप्रीत बुमराह को गेंद थमाई। बुमराह ने इस ओवर में महज 8 रन दिए, जिससे इंग्लैंड पर दबाव बना। हालांकि अगले ओवर में अर्शदीप सिंह ने 16 रन खर्च कर दिए। यहां से इंग्लैंड को 18 गेंद में 45 रन बनाने थे। ऐसे में बुमराह ने दबाव भरी परिस्थितियों में शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 6 रन दिए और भारत की मैच में वापसी करा दी। इसका फायदा 19वें ओवर में हार्दिक पंड्या को मिला। पंड्या की गेंद पर सैम करन (18 रन) तिलक वर्मा को कैच थमा बैठे। इसके बाद मैच भारत के पक्ष में झुक गया। इससे पहले 14 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ 176 रन का लक्ष्य बचाते हुए बुमराह ने सईम अयूब (6 रन) और कप्तान सलमान अली आगा (4 रन) को एक ही ओवर में पवेलियन भेजकर पाकिस्तान को दबाव में डाल दिया था। इसके बाद पाकिस्तानी टीम उबर नहीं सकी और 61 रन से मैच हार गई। इस जीत के साथ भारत ने सुपर-8 में जगह बनाई थी। बुमराह अब तक 7 मैच में 10 विकेट ले चुके हैं। 2. संजू सैमसन- 2 मैच विनिंग पारियां खेलीं सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने 20 रन पर अभिषेक शर्मा (9 रन) का विकेट गंवा दिया था। यहां से संजू सैमसन ने 42 गेंद पर 89 रन की पारी खेलकर मजबूत स्कोर की नींव रखी। उन्होंने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 97 रन की साझेदारी की। इससे पहले सैमसन ने 1 मार्च को कोलकाता में भारत-वेस्टइंडीज के करो या मरो मैच में नाबाद 97 रन की पारी खेली थी। वह 196 रन का लक्ष्य चेज कर रही भारतीय टीम के लिए ओपनिंग करने उतरे और टीम को जीत दिलाकर लौटे। सैमसन ने 50 गेंदों पर नाबाद 97 रन बनाए। उन्होंने 4 मैचों में कुल 232 रन बनाए हैं। 3. हार्दिक पंड्या : सेमीफाइनल में दोहरा प्रदर्शन इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में हार्दिक पंड्या ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने 12 गेंदों पर 225.00 की स्ट्राइक रेट से 27 रन बनाए और टीम इंडिया का स्कोर 250 के पार पहुंचा दिया। इसके अलावा 254 रन का लक्ष्य चेज कर रही इंग्लैंड के खिलाफ 19वें ओवर में अहम समय पर 9 रन देकर एक विकेट भी लिया। पंड्या ने मैच में 4 ओवर में 38 रन देकर 2 विकेट झटके। पंड्या ने अब तक खेले गए 8 मैचों में 163.11 की स्ट्राइक रेट से 199 रन बनाए हैं, जिनमें दो अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने नई गेंद से भी गेंदबाजी की और पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को पहले ही ओवर में शून्य पर पवेलियन भेज दिया था। पंड्या अब तक टूर्नामेंट में 8 विकेट ले चुके हैं। 4. ईशान किशन : पाकिस्तान के खिलाफ फिफ्टी लगाई ईशान पाकिस्तान के खिलाफ अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करने उतरे, लेकिन अभिषेक शून्य पर आउट हो गए। इसके बाद ईशान ने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी ने टीम को 175 रन के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। ईशान ने इस मैच में 77 रन बनाए। उन्होंने नामीबिया के खिलाफ भी 61 रन की पारी खेली थी। ईशान मौजूदा वर्ल्ड कप में भारत के टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने 8 मैच में 189.20 की स्ट्राइक रेट से 263 रन बनाए हैं, जिनमें 2 अर्धशतक शामिल हैं। 5. वरुण चक्रवर्ती : भारत के टॉप विकेट टेकर्स टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में वरुण भारत के टॉप विकेट टेकर हैं। अब तक खेले गए 8 मैचों में वे 13 विकेट चटका चुके हैं। उन्होंने नामीबिया और नीदरलैंड के खिलाफ 3-3 विकेट लिए थे, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ भी 2 विकेट झटके थे। ————————————— क्रिकेट का कीड़ा है तो सॉल्व कीजिए ये सुपर क्विज क्या आप खुद को क्रिकेट के सुपर फैन मानते हैं? पूरे T20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट के दौरान दैनिक भास्कर के खास गेम ‘SUPER ओवर’ में रोज क्रिकेट से जुड़े 6 सवाल आपका क्रिकेट ज्ञान परखेंगे। जितनी जल्दी सही जवाब देंगे उतने ज्यादा रन बनेंगे। जितने ज्यादा रन बनेंगे, लीडरबोर्ड में उतना ही ऊपर आएंगे। तो रोज खेलिए और टूर्नामेंट का टॉप स्कोरर बनिए। अभी खेलें SUPER ओवर…क्लिक करें ——————————————————- टी-20 वर्ल्ड कप में भारत-इंग्लैंड मुकाबले की मैच रिपोर्ट पढ़िए भारत चौथी बार टी-20 वर्ल्डकप फाइनल में; इंग्लैंड को 7 रन से हराया भारत ने चौथी बार टी-20 वर्ल्डकप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। टीम ने गुरुवार को दूसरे सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड को 7 रन से हराया। भारतीय टीम की ओर से संजू सैमसन ने 89 रन की पारी खेली। वे प्लेयर ऑफ द मैच रहे। पढ़ें पूरी खबर


