Iran-Israel War: मध्य पूर्व में चल रहा तनाव अब और ज्यादा खतरनाक रूप लेता जा रहा है। गुरुवार रात बहरीन ने दावा किया कि ईरान की ओर से दागी गई एक मिसाइल उसके सरकारी तेल रिफाइनरी परिसर के पास आकर गिरी, जिससे वहां आग लग गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि आग को जल्द ही काबू में कर लिया गया और रिफाइनरी का कामकाज जारी है। इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है। ईरान ने गुरुवार को एक साथ कई मोर्चों पर हमले तेज कर दिए। रिपोर्टों के मुताबिक ईरान ने इजराइल, अमेरिकी सैन्य ठिकानों और क्षेत्र के कुछ अन्य देशों को निशाना बनाते हुए नई मिसाइल और ड्रोन हमले किए। साथ ही तेहरान ने अमेरिका को चेतावनी दी कि अगर उसने ईरानी युद्धपोत को निशाना बनाया तो उसे “कड़वा पछतावा” होगा।
Iran News: युद्ध लगातार जारी
दरअसल, एक दिन पहले अमेरिका ने दावा किया था कि उसने श्रीलंका के समुद्री इलाके के पास ईरान के एक फ्रिगेट युद्धपोत को डुबो दिया है। इसके बाद से हालात और ज्यादा बिगड़ गए हैं। इस पूरे संघर्ष का दायरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तक करीब 14 देश किसी न किसी रूप में इस टकराव से प्रभावित हो चुके हैं। गुरुवार को अजरबैजान ने भी आरोप लगाया कि उस पर ईरान ने ड्रोन से हमला किया, हालांकि तेहरान ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया।
Iran-Israel War: इजराइल ले रहा एक्शन
दूसरी तरफ इजराइल ने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी इलाकों में रहने वाले लोगों को बड़े पैमाने पर वहां से निकलने की चेतावनी दी है। ये इलाके ईरान समर्थित हिजबुल्लाह संगठन का मजबूत गढ़ माने जाते हैं। संयुक्त राष्ट्र के शांति सैनिकों के मुताबिक दक्षिणी लेबनान में जमीन पर भी लड़ाई तेज हो गई है और इजराइली सेना के और जवान सीमा पार कर चुके हैं।


