संभल में डीजे बंद कराने गई पुलिस पर हमला:सिपाही गंभीर, दरोगा चोटिल; 13 नामजद समेत 28 पर केस दर्ज, घर बंदकर ग्रामीण फरार

संभल में डीजे बंद कराने गई पुलिस पर हमला:सिपाही गंभीर, दरोगा चोटिल; 13 नामजद समेत 28 पर केस दर्ज, घर बंदकर ग्रामीण फरार

संभल में देर रात डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस मारपीट में एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक उपनिरीक्षक को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद पुलिस ने 13 नामजद और 10-15 अज्ञात लोगों, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं, के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी घटना के बाद अपने घरों पर ताला लगाकर फरार हो गए। उक्त घटना जनपद संभल की गुन्नौर तहसील के बबराला थाना क्षेत्र के पंवारी गांव की है। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात चौकी टीसीएल प्रभारी उपनिरीक्षक रामेन्द्रपाल सिंह होली पर्व के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि गांव पंवारी में अमरीश पुत्र नेकराम के घर के बाहर डीजे पर राजनीतिक और अश्लील गाने बजाए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अमरीश व उसके परिजनों को डीजे बंद करने की हिदायत दी। उस समय आरोपियों ने डीजे बंद करने का आश्वासन दिया। हालांकि, लगभग 30 मिनट बाद पुलिस को दोबारा सूचना मिली कि गांव में फिर से डीजे बजाया जा रहा है। इस पर पुलिस टीम दोबारा मौके पर पहुंची। आरोप है कि वहां मौजूद महिलाओं सहित कई लोगों ने अचानक पुलिस पर हमला कर दिया। उन्होंने ईंट-पत्थरों से पथराव किया, गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में 32 वर्षीय सिपाही मदनगोपाल के सिर में गंभीर चोट लगी और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर गए। दोनों पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी गई। पथराव के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सौरभ त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी अपने घरों पर ताले लगाकर फरार हो चुके थे। घायल सिपाही मदनगोपाल को उपचार के लिए सीएचसी गुन्नौर में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी सौरभ त्यागी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। एहतियातन गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *