जयपुर में हड्डी के कैंसर के इलाज पर तीन दिन तक मंथन, जुटेंगे देश-विदेश के ऑन्कोलॉजिस्ट, बोन कैंसर की चुनौतियों पर होगी चर्चा

जयपुर में हड्डी के कैंसर के इलाज पर तीन दिन तक मंथन, जुटेंगे देश-विदेश के ऑन्कोलॉजिस्ट, बोन कैंसर की चुनौतियों पर होगी चर्चा

जयपुर। भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर एवं इंडियन मस्क्यूलोस्केलेटल ऑन्कोलॉजी सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस आईएमएसओएस 2026 – बीएमकॉन का आयोजन किया जा रहा है। आरआईसी में आयोजित होने वाली इस तीन दिवसीय कॉन्फ्रेंस की शुरुआत 6 मार्च को वर्कशॉप के साथ होगी। मुख्य कॉन्फ्रेंस 7 मार्च से शुरू होगी। कॉन्फ्रेंस में देश -विदेश के 450 से अधिक बोन कैंसर विशेषज्ञ भाग ले रहे है।

कॉन्फ्रेंस की शुरुआत 6 मार्च को वर्कशॉप से होगी, जबकि मुख्य कॉन्फ्रेंस 7 मार्च से शुरू होगी। उद्घाटन समारोह में साउथ वेस्टर्न कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह मुख्य अतिथि होंगे। सम्मेलन में देश-विदेश से करीब 450 से अधिक विशेषज्ञ, डॉक्टर, सर्जन और शोधकर्ता भाग लेंगे।

आयोजन से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार इस सम्मेलन में हड्डी और सॉफ्ट टिश्यू कैंसर के इलाज में हो रहे नए शोध, सर्जिकल तकनीक और उपचार की आधुनिक पद्धतियों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही विभिन्न चिकित्सा शाखाओं के विशेषज्ञ मिलकर इलाज की बहु-विषयक पद्धति पर भी विचार-विमर्श करेंगे।

कॉन्फ्रेंस के पहले दिन दो वर्कशॉप आयोजित की जाएंगी। पहली वर्कशॉप पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी से संबंधित होगी, जिसमें बोन कैंसर की सटीक पहचान और जांच की तकनीकों पर चर्चा होगी। दूसरी वर्कशॉप में मेडिकल और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी से जुड़े विशेषज्ञ उपचार पद्धतियों और नई दवाओं पर विचार साझा करेंगे। इन सत्रों में देशभर के विषय विशेषज्ञों के साथ मेडिकल स्टूडेंट्स भी भाग लेंगे।

सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय वक्ताओं के तौर पर यूके, ऑस्ट्रिया, मलेशिया और सिंगापुर के विशेषज्ञ शामिल होंगे। इनके अलावा करीब 150 राष्ट्रीय विशेषज्ञ भी विभिन्न सत्रों में अपने अनुभव साझा करेंगे। कॉन्फ्रेंस के दौरान शोध कार्यों को प्रस्तुत करने के लिए ई-पोस्टर सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *