मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस कॉलोनी के पास ओवरटेक करने की कोशिश में युवक शुक्ला बस की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद उसका पैर बस के अगले पहिये में बुरी तरह फंस गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में रीवा रेफर कर दिया गया। बस से टकराकर पहिये के नीचे फंसा युवक यह हादसा रामनगर के वार्ड नंबर 9 स्थित पुलिस कॉलोनी के पीछे हुआ। जानकारी के अनुसार सतना से मिरगौती के बीच चलने वाली शुक्ला बस (क्रमांक MP 19 P 3192) मिरगौती से रामनगर की ओर आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक बाइक सवार ने बस को ओवरटेक करने की कोशिश की। संतुलन बिगड़ने से बाइक सीधे बस से टकरा गई और युवक का पैर बस के पहिये में फंस गया। पुलिस और लोगों ने मिलकर निकाला बाहर घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर युवक को बस के पहिये से बाहर निकाला। घायल युवक रीवा का रहने वाला रामनगर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी ने बताया कि घायल युवक की पहचान 30 वर्षीय छोटू बक्सरिया पुत्र नारायण बक्सरिया के रूप में हुई है, जो रीवा जिले के बिछिया का निवासी है। वह रामनगर में अपने रिश्तेदार से मिलने आया था और गुरुवार को रीवा लौट रहा था। पुलिस के अनुसार युवक शराब के नशे में था और ओवरटेक करते समय यह हादसा हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर कर दिया। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


